दिल्ली से इंडिगो की सभी उड़ानें आज कैंसिल, रात 12 बजे तक कोई फ्लाइट नहीं भरेगी उड़ान

नई दिल्ली/एजेंसी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आज यानी शुक्रवार को इंडिगो की सभी डोमेस्टिक फ्लाइटें रात 12 बजे तक के लिए रद कर दी गई है। जिस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, डायल की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।
बता दें कि 5 दिसंबर 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने वाली इंडिगो की डोमेस्टिक फ्लाइट्स आज आधी रात (23:59 बजे तक) तक कैंसिल कर दी गई हैं। बाकी सभी कैरियर्स के ऑपरेशन्स तय समय पर ही रहेंगे। डायल की तरफ से कहा गया कि ऑपरेशनल दिक्कतों की वजह से फ्लाइट में देरी हो रही है, जिस वजह से वे कैंसल हो रही हैं। ज्यादा असर घरेलू सेवाओं पर पड़ रहा है। कहा गया कि हम यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस सीधे अपनी एयरलाइन से वेरिफाई कर लें।
डायल ने कहा, हमारी डेडिकेटेड ऑन-ग्राउंड टीमें सभी पार्टनर के साथ मिलकर इस रुकावट को कम करने और यात्रियों को आरामदायक अनुभव देने के लिए मेहनत से काम कर रही हैं। आप सभी को हुई परेशानी से हमें खेद है। यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
ऑनटाइम परफार्मेंस के मामले में देश की तमाम एयरलाइंस में इंडिगो की स्थिति सर्वाधिक बदतर है। उड़ान नियामक संस्था डीजीसीए के अनुसार, इंडिगो का ऑनटाइन परफार्मेंस 8.3 प्रतिशत है। यह आंकड़ा चार दिसंबर के लिए जारी किया गया है। बताया गया कि ऑनटाइम परफार्मेंस के मामले में अभी देश की सबसे अच्छी एयरलाइंस अकासा एयर है। इसकी परफार्मेंस रेट 63 प्रतिशत है।




