जम्मू-कश्मीर के बारामूला में मस्जिद पर आतंकी हमला, अजान पढ़ते समय रिटायर्ड एसएसपी की गोली मारकर हत्या

श्रीनगर/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बड़ी आतंकवादी वारदात सामने आई है। आतंकवादियों ने रविवार तड़के एक रिटायर्ड पुलिस अफसर की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकवादियो ने वारदात को तब अंजाम दिया जब वह मस्जिद से ‘अज़ान’ दे रहे थे। तड़के सुबह हुई भीषण गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर जम्मू कश्मीर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की ओर से बताया गया है कि आतंकवादियों की तलाश में इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आतंकवादियों ने रविवार तड़के बारामूला के गंतमुल्ला शीरी में एक मस्जिद पर गोलीबारी की। इस हमले में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्होंने गंभीर हालत में दम तोड़ दिया। उनका नाम मोहम्मद शफी बताया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने कहा कि शफी पर जब हमला हुआ तब वह मस्जिद में अजान पढ़ रहे थे।पुलिस ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने और तलाशी के लिए इलाके को घेर लिया गया है।




