सीएम योगी आदित्यनाथ के करीबी, गुजरात के योगी देवनाथ कच्छ में अनशन पर बैठे

कच्छ/गुजरात। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह फायरब्रांड छवि रखने वाले योगी देवनाथ गुजरात में अनशन पर बैठ गए हैं। योगी देवनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं। उनकी मांग हैं कि जब तक गौमाता को संवैधानिक रूप से राज्यमाता का सम्मान नहीं दिया जाता, उनका यह सत्याग्रह जारी रहेगा। उन्होंने कच्छ जिले के हेडक्वार्टर भुज में कलेक्टर ऑफिस पर अनशन शुरू किया है। शनिवार को काफी संख्या दूसरे संतों ने पहुंचकर उन्हें अपना समर्थन दिया।
योगी देवनाथ ऐसे वक्त पर अनशन पर बैठे हैं जब गुजरात में कांग्रेस की इकलौती सांसद गेनीबेन ठाकोर इस मुद्दे को लगातार उठा रही हैं। बनासकांठा से कांग्रेस सांसद गेनीबेन ठाकोर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गाय को ‘राज्यमाता’ घोषित करने की मांग की है। उन्होंने योगी देवनाथ बापू के अनशन का समर्थन करते किया है। ठाकोर का कहना है कि उन्होंने यह मांग धार्मिक भावना से की है। इसमें कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। योगी देवनाथ का कहना है कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की आत्मा हैं। इसीलिए उन्हें राष्ट्र की माता के समान दर्जा मिलना चाहिए। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पहले से इस मुद्दे पर आक्रामक हैं। अब योगी देवनाथ के अनशन ने बीजेपी सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है।




