खखरेरू में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती,‘जय भीम’ के नारों से गूंजा नगर पंचायत खखरेरू
बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण, युवाओं ने निकाली मोटरसाइकिल रैली

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के खखरेरू नगर पंचायत क्षेत्र में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती 16 अप्रैल को बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाई गई। वार्ड नंबर 3 लक्ष्मीबाई नगर (कनपुरवा) स्थित प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और नमन के साथ हुआ। इसके बाद वक्ताओं ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने बाल विवाह, छुआछूत और अन्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा सबको न्याय और सामाजिक समरसता दिलाने के लिए भारतीय संविधान की रचना की। उन्होंने समाज में समता स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया और हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर शिक्षित व संगठित रहना चाहिए।
जयंती के उपलक्ष्य में डीजे के साथ मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई, जो कनपुरवा प्रतिमा स्थल से शुरू होकर खखरेरू होते हुए रक्षपालपुर तक गई। रैली में युवाओं ने ‘जय भीम’ के नारे लगाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कोरी ने की। इस मौके पर चन्द्रभान तक्कीपुर, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचन्द्र केसरवानी, सोहनलाल उर्फ चाइना, मोहम्मद हाशिम, चन्द्रमणि एडवोकेट, राकेश कोरी, नरेश कोरी, सिद्धार्थ कोरी, शाश्वत सोनकर सहित भारी संख्या में नगरवासी और क्षेत्रीय पुलिस मौजूद रही। पूरे आयोजन में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।




