स्पाइड मैन की तरह छलांग लगा हिमाचल की नर्स ने पार किया उफनता नाला

मंडी/हिमाचल प्रदेश। मंडी जिले से इन दिनों एक साहसिक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जिले की चौहारघाटी क्षेत्र के सुधार पंचायत की एक स्टाफ नर्स उफनते नाले को पार करती हुई दिखाई दे रही है। जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों के लिए यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में स्टाफ नर्स कमला अपने अदम्य साहस और हिम्मत का परिचय देते हुए उफनते स्वाड़ नाले को पत्थरों पर छलांग लगाकर पार करती दिख रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नर्स कमला मंडी जिले के टिक्कर गांव की रहने वाली हैं और सुधार पंचायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सेवाएं दे रही हैं। क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बीते दिनों कई फुटब्रिज टूट गए हैं, जिससे लोगों को आना-जाना बेहद कठिन हो गया है। ऐसे हालात में ड्यूटी पर जाना चुनौतीपूर्ण बन गया। लेकिन कमला ने अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए जान की परवाह किए बिना नाले को छलांग लगाकर पार किया। कमला ने बताया कि ड्यूटी पर जाते वक्त उन्हें रोजाना करीब चार किलोमीटर का कठिन रास्ता तय करना पड़ता है। जिस दिन वीडियो वायरल हुआ, उस दिन उन्हें तुरंत एक दो माह के मासूम बच्चे को जीवन रक्षक इंजेक्शन लगाना था। हालात को देखते हुए उन्होंने जोखिम उठाया और उफनते नाले को पार किया। इंजेक्शन लगाने के बाद उन्होंने समय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचकर अपनी ड्यूटी निभाई।
हालांकि, यह साहसिक कदम जानलेवा भी साबित हो सकता था। मंडी जिले में इस तरह के कई हादसे सामने आ चुके हैं। हाल ही में सराज क्षेत्र में एक महिला और पुरुष नाले को पार करते समय बह गए थे, हालांकि उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की बहने से मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने नर्स कमला के हौंसले और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह सच्ची सेवा भावना का उदाहरण है। लोग उन्हें ‘स्पाइडरमैन नर्स’ कहकर संबोधित कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, लोग प्रशासन से यह भी मांग कर रहे हैं कि क्षेत्र में जल्द से जल्द पुल और सुरक्षित मार्ग बनाए जाएं ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े और स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों। कमला का यह वीडियो स्वास्थ्य कर्मियों की उस जिम्मेदारी और समर्पण को भी उजागर करता है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी मरीजों तक सेवाएं पहुंचाने से पीछे नहीं हटते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button