फतेहपुर में झूला झूलते समय कस गया गला, रक्षाबंधन पर इकलौते भाई की मौत से बहनें हुईं बदहवास

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां झूला झूलते समय गले में रस्सी कसने से मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से जहां परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, रक्षाबंधन से ठीक एक सप्ताह पहले इकलौते मासूम भाई की मौत से रो-रो कर बहनें बदहवास हैं। घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव के रहने वाले छोटकू पासवान खेती किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि इनकी बड़ी दो बेटियों में दिव्यांशी और शिवांशी हैं। वहीं, 9 साल का इकलौता बेटा ऋषि पासवान था। ऋषि गांव के ही परिषदीय स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। बताया जा रहा है कि घर के बरामदे में टीन शेड के नीचे पाइप में नायलॉन की रस्सी का एक झूला पड़ा था।
शनिवार की रात को घर के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए, तभी ऋषि घर के बरामदे में पड़े झूले में झूल रहा था। इस दौरान झूले की रस्सी अचानक ऋषि के गले में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह उठे परिजन जैसे ही बरामदे में पहुंचे तो ऋषि के गले में रस्सी कसी देखकर चीख पड़े। उधर, रक्षाबंधन से पहले ही इकलौते भाई की मौत से दोनों बहने बदहवास हो गई हैं। माता-पिता के साथ अन्य परिजनों का भी मासूम की अचानक मौत से रो-रो कर बुरा हाल है।
बिंदकी एसएचओ लान सिंह ने बताया कि झूला झूलते समय अचानक रस्सी बच्चे के गले में फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button