नशे में धुत्त एएसआई ने होटल के सामने कर दिया पेशाब, एसपी ने कर दिया निलंबित
Drunk ASI urinated in front of a hotel, SP suspended him

शहडोल/मध्य प्रदेश। शहर में बीती रात ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में धुत्त एएसआई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में शराब के नशे में धुत्त एएसआई दीपक सिंह परिहार हाईवोल्टेज ड्रामा करते हए होटल संचालक से बदतमीजी करते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। पूरी घटना के बाद एसपी ने एएसआई को निलंबित कर दिया है।
शहडोल पुलिस लाइन में पदस्थ एएसआई दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी जन्माष्टमी पर शहडोल सिटी में लगाई गई थी। दीपक सिंह रात को भोजन करने रीवा होटल गए। भोजन करने के बाद एएसआई नशे की हालत में होटल के सामने पेशाब करने लगे। इसी बात पर होटल मालिक और एएसआई में विवाद हो गया। बात तू-तू मैं-मैं तक चली गई। होटल पर नशे की हालत में एएसआई द्वारा हंगामा किए जाने को लेकर होटल संचालक व नशेड़ी पुलिस कर्मी के बीच विवाद होने लगा। शराब पीकर हंगामा करने का मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में वीडियो बना लिया।
नशे में धुत्त एएसआई को लोगों ने कहा कि वीडियो एसपी को भेज रहे हैं तो नशेड़ी एएसआई कहने लगा कि भेज दो जहां भेजना है। इस घटना के पूर्व में भी शराब के नशे में धुत्त एएसआई द्वारा हंगामा किया गया था। तब ये जयसिंहनगर थाने में पदस्थ थे।
शराब के नशे में हंगामा करने पर एएसआई दीपक सिंह को तत्कालीन एसपी द्वारा लाइन अटैच कर दिया गया था। एक बार फिर ड्यूटी पर रहते हुए नशे की हालत में हंगामा करने पर एसपी द्वारा दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान का कहना है कि एएसआई दीपक सिंह परिहार द्वारा ड्यूटी में रहते हुए शराब पीकर हंगामा करने के मामले में निलंबित कर दिया गया है।




