कार पर मजिस्ट्रेट और यूपी सरकार लिखवाकर घूम रहा था शख्स, पुलिस ने गाड़ी समेत धर दबोचा
फर्जी मजिस्ट्रेट लिखवाने पर पुलिस ने पकड़ा

गाजियाबाद। फर्जी तरीके से कार पर मजिस्ट्रेट व यूपी सरकार लिखाकर घूम रहे आरोपित को मोदीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान सोमवार रात को पकड़ लिया। आरोपित का पुलिस ने शांतिभंग की धारा में चालान किया है। साथ ही कार को सीज कर दिया है।
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार रात को कादराबाद चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक बुलोरो कार वहां से जा रही थी। कार पर मजिस्ट्रेट व यूपी सरकार लाल रंग से लिखा हुआ था। साथ ही यूपी सरकार का लोगो भी लगा था।
पुलिस ने संदिग्धता के आधार पर कार को रोका और चालक से पूछताछ की। इसपर चालक घबरा गया। पहले तो वह कहने लगा कि अधिकारी की कार है। पुलिस ने गहनता से जांच की तो सच्चाई सामने आई।
आरोपित ने टशनबाजी के चक्कर में कार पर मजिस्ट्रेट लिखा रखा था। पुलिस आरोपित को कार समेत थाने ले आई। एसीपी ने बताया कि आरोपित चालक मेरठ के गंगानगर का सूरज कुमार है। कार को सीज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।




