मामी कर रही थी ऑपरेशन, भांजा बना रहा था रील, बिहार में डॉक्टर के वीडियो से मची खलबली

Aunt was doing the operation, nephew was making a reel, doctor's video created a stir in Bihar

सिवान/बिहार। ‘देखिए ये हमारी मामी हैं। ये जब भी सीजर करती हैं, लड़का ही पैदा करती हैं। देख लीजिए। चार-पांच हम करवाए हैं और चारों-पांचों लोगों का लड़का ही हुआ है।’ ये बातें सिजेरियन ऑपरेशन करने (डिलीवरी) के दौरान एक शख्स ने रील बनाते हुए कही। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। खासकर डॉक्टरों के मरीजों के प्रति रवैये को लेकर। सिवान में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। एक महिला डॉक्टर सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरतती दिखीं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने भांजे से इसका वीडियो भी बनवाया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे डॉक्टरों की गंभीरता पर फिर से सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये मामला सिवान शहर के चकिया रोड का है। वीडियो में दिख रही डॉक्टर का नाम कंचन कुमारी है। वो बीएएमएस डॉक्टर (आयुर्वेदिक) हैं। एक गर्भवती महिला का बड़ा ऑपरेशन से प्रसव करा रही थीं। वीडियो में सिजेरियन डिलीवरी की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई है। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘सरकारी डॉक्टर’ नाम के सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, ‘सीवान की कंचन कुमारी, जो खुद को स्त्री रोग विशेषज्ञ कहती हैं, सुरक्षा प्रोटोकॉल या इंफेक्शन को लेकर जरा सा भी सतर्क नहीं है। एक स्टोरेज में सी-सेक्शन (डिलीवरी के दौरान बड़ा ऑपरेशन) कर रही हैं। उनके परिवार के सदस्य सर्जरी के दौरान आराम से रील बना रहे हैं। उन्होंने मास्क और सर्जिकल कैप नहीं पहना है। कमरे में सामान्य कपड़ों में लोगों की भीड़ है, जिसमें मरीज के रिश्तेदार भी शामिल हैं, जो बिना स्क्रब, मास्क या दस्ताने के, चारों ओर खड़े होकर प्रक्रिया को ऐसे देख रहे हैं जैसे यह कोई लाइव शो हो। शायद कोई एनेस्थेटिस्ट भी नहीं है। वो कथित तौर पर एक आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। ये देखते हुए कि सरकार कितनी बार स्वास्थ्य सेवा नीतियों में बदलाव करती है, मुझे यकीन नहीं है कि वो इस प्रक्रिया को करने के लिए योग्य या प्रशिक्षित हैं, लेकिन उनके तरीकों को देखते हुए, वो निश्चित रूप से आपराधिक लापरवाही के लिए उत्तरदायी हैं।’
रील बना रहे शख्स कहता है कि ‘देखिए ये हमारी मामी हैं, जब भी सीजर (सिजेरियन ऑपरेशन) करती हैं तो लड़का ही पैदा करती हैं।’ इतना सुनते ही ऑपरेशन कर रही कथित डॉक्टर जोर से ठहाका लगाती है। फिर रील बना रहा शख्स कहता है, ‘चार-पांच हम करवाए हैं, और चारों-पांचों लोगों का लड़का ही पैदा हुआ है’।
सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। इस बाबत जब सिवान के सिविल सर्जन श्रीनिवास प्रसाद से मीडिया ने बात की तो उन्होंने पल्ला झाड़ लिया। हालांकि, अस्पताल में पोस्टेड डॉक्टरों ने कहा कि बीएएमएस डिग्री वाले डॉक्टर को ऑपेरशन करने की इजाजत नहीं है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि इसके पहले भी कई बार ऑपरेशन कर चुकी हैं। इस बात की तस्दीक रील बना रहा, उनका भांजा भी कर रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button