आंत की सर्जरी कर जिंदा निकाला तीन सेमी लंबा कॉकरोच, डॉक्टरों ने 10 मिनट में बचाई युवक की जान
A 3 cm long cockroach was removed alive after an intestinal surgery, doctors saved the young man's life in 10 minutes

दक्षिणी दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वसंतकुंज स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल की टीम ने 23 वर्षीय युवक की छोटी आंत से तीन सेंटीमीटर लंबे जिंदा कॉकरोच को बाहर निकालने में कामयाबी पाई है। युवक दो-तीन दिन से पेट दर्द और अपच की परेशानी से जूझ रहा था।
गैस्ट्रोइंटेस्टाइल (जीआई) एंडोस्कोपी जांच में पेट में कॉकरोच दिखा, जिसे एंडोस्कोपी की मदद से डॉक्टरों की टीम ने 10 मिनट की सर्जरी करके बाहर निकाला। समय पर कॉकरोच को बाहर नहीं निकाला जाता, तो संक्रमण की वजह से युवक की जान को खतरा था।
बताया गया कि मरीज को जब अस्पताल में भर्ती किया गया था तो वह पिछले 2-3 दिनों से पेट में दर्द और अपच की शिकायत से जूझ रहा था। फोर्टिस हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंट्रोलाजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डा. शुभम वत्स के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने मरीज को गैस्ट्रोइंटेस्टाइल (जीआई) एंडोस्कोपी की सलाह दी। ऊपरी जीआई ट्रैक्ट की जांच के बाद उनके पेट दर्द और अपच का कारण डॉक्टरों को समझ आया।
वहीं, जांच में मरीज की छोटी आंत में एक जिंदा कॉकरोच चिपका पाया गया। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी कर इस जिंदा कॉकरोच को सफलतापूर्वक निकाला। इस प्रक्रिया के लिए एंडोस्कोपी की मदद ली गई। टीम ने एंडोस्कोप के माध्यम से कॉकरोच को सक्शन चैनल में खींच और यहां से उसे शरीर से बाहर निकालकर मरीज की जान बचायी।
डा. शुभम वत्स ने बताया कि छोटी आंत में जिंदा कॉकरोच होना जानलेवा हो सकता था, इसलिए हमने एंडोस्कोपी की मदद से तत्काल इसे बाहर निकालने की सर्जरी की। डॉक्टरों का अनुमान है कि मरीज के खाना खाते समय या फिर जब वह सो रहे थे, उस समय कॉकरोच शरीर में घुसा होगा। यदि समय पर इसे बाहर नहीं निकाला जाता तो संक्रमण की वजह से मरीज की जान पर भी खतरा था।




