साले को किडनैप कर ससुर को धमकाया, क्रिमिनल दामाद की काली करतूत

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में किडनैपिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने 11 साल के साले को किडनैप कर लिया और ससुर को फोन करके धमकी दी कि मेरी बीवी को वापस भेजो वरना मैं इसे जान से मार दूंगा। हालांकि पुलिस ने कुछ अनहोनी से पहले ही आरोपी को 36 घंटे के अंदर ही महाराष्ट्र के अहमदनगर से दबोच लिया।पुलिस ने दिल्ली के विजय घाट, दरियागंज, खजूरी, गांधीनगर, सीलमपुर, कोटला मुबारकपुर सहित कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद आरोपी को पकड़ा है। आरोपी शख्स की बीवी उससे नाराज थी और अपने मायके में रह रही थी।
डीसीपी रोहित मीणा ने बताया कि आरोपी समीर उर्फ मुनेश को महाराष्ट्र के अहमद नगर में छापा मारकर पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। यह दिल्ली के खजूरी खास का रहने वाला है। एसएचओ नवीन कुमार की टीम ने बताया कि बीती 23 फरवरी को किडनैप हुए बच्चे की मां तबस्सुम खातून ने दी थी। उसने बताया कि उसका बेटा पापा को पानी देने के लिए दुकान पर गया था, लेकिन वह वापस नहीं आया। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की। पुलिस ने बच्चे के पिता कसर अली से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके दामाद समीर का कॉल आया था और उसने कहा कि उनका बेटा यानी उसका साला उसके पास है। अगर उसकी पत्नी उसके साथ रहना शुरू नहीं करेगी, तो वह बच्चे की हत्या कर देगा। समीर की शादी कसर अली की बेटी से 4 साल पहले हुई थी। उसकी डेढ़ साल का एक बेटी भी है।
आरोपी लगातार अलग-अलग लोकेशन से अलग-अलग नंबर से कॉल कर रहा था। पुलिस टीम टेक्निकल सर्विलांस से लगातार उसके पीछे लगी हुई थी। बच्चे को दिल्ली के आईएनए मार्केट के पास से 25 फरवरी को बरामद कर लिया गया था। जबकि आरोपी शख्स लगातार भाग रहा था, इसे महाराष्ट्र के अहमदनगर में छापा मारकर एक मार्च को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसे पुलिस दिल्ली वापस लेकर आ रही है।




