मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्धनगर वासियों को दी बड़ी सौगात

लगभग 1467 करोड रुपए की 97 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

गौतम बुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद गौतम बुद्ध नगर के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान एनटीपीसी दादरी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया साथ ही जनपद की लगभग 1467 करोड रुपए की 97 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/ शिलान्यास किया, जिसमें सड़क, पुल, औद्योगिक क्षेत्रों का विकास और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश औद्योगिक नीति के तहत 14 औद्योगिक इकाइयों को अनुमन्य 617 करोड रुपए की प्रोत्साहन राशि का वितरण करते हुए जनसभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने जनसभा को संबोधित करते हुए महाराणा प्रताप के स्वाभिमान, स्वधर्म और स्वदेश के प्रति अद्वितीय समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनायक बताया। एनटीपीसी परिसर में महाराणा प्रताप स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने उनकी वीरता की गाथा को विस्तार से बयां किया। उन्होंने यह भी कहा कि अकबर हो या औरंगजेब, हिन्दुओं के प्रति सबकी मानसिकता एक ही थी। उन्होंने कहा कि हमारे आदर्श और राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी और गुरू गोविंद सिंह जी महाराज हैं, ना कि अकबर या औरंगजेब। वहीं मुख्यमंत्री ने राणा सांगा की वीरता का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री जी ने गौतमबुद्ध नगर के लिए कई घोषणाएं कीं, जिनमें राजकीय डिग्री कॉलेज, 100 बेड का चिकित्सालय, आईटीआई और स्टेडियम शामिल हैं। उन्होंने किसानों के लिए सर्किल रेट बढ़ाने और बाईपास निर्माण की बात पर भी सहमति जताई। उन्होंने मुख्य सचिव को कहा कि यहां ऐसा आईटीआई बनना चाहिए, जहां एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी सहित सभी मॉर्डन टेक्नोलॉजी की जानकारी युवाओं को दी जाए। उन्होंने बताया कि जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट लगभग तैयार है, फिल्म सिटी बन रही है। गौतमबुद्ध नगर विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज उत्तर प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित हैं, प्रदेश की महिलाएं स्वावलंबी होंगी, तो उत्तर प्रदेश विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा।
इस अवसर पर मा0 औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, जनपद के प्रभारी मा0 मंत्री बृजेश सिंह, मा0 सांसद महेश शर्मा, मा0 राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चैधरी, मा0 क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंन्द्र सिसोदिया, मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर, मा0 विधायक नोएडा पंकज सिंह, मा0 एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा, नरेन्द्र भाटी, मा0 विधायक धर्मेश सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष ग्रेटर नोएडा गजेन्द्र मावी, जिलाध्यक्ष नोएडा मनोज गुप्ता, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित शासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button