गाजियाबाद डीसीपी की बड़ी कार्रवाई, मुरादनगर एसएचओ सहित 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Ghaziabad DCP takes big action, 3 policemen including Muradnagar SHO suspended

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मुरादनगर थाना परिसर के सामने युवक को गोली मारकर हत्या के मामलें में डीसीपी ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरादनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह तोमर, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक सूबे सिंह और विवाद क्षेत्र से संबंधित बीट प्रभारी अधिकारी मोहित सिंह समेत तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। उधर आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। डीसीपी का दावा है कि जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना मुरादनगर क्षेत्र के गांव मिल्क सरावली के रहने वाले रविंद्र शर्मा और उनके पुत्र रावली रोड पर अपने घर की तरफ जा रहे थे। इसी बीच में रविंद्र की भतीजी और उनके बच्चे एक ऑटो में बैठकर जाते हुए दिखाई दिए। बैठने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ी को रोका तो इसी दौरान पीछे से गांव के ही रहने वाले मोंटी और अजय नाम के दो युवक अपनी जैन स्टीलो गाड़ी में सवार होकर आ रहे थे। उन्होंने रविंद्र शर्मा और रवि शर्मा को सड़क से गाड़ी हटाने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर आपस में कुछ कहा सुनी हुई, हालांकि उसी दौरान तो वहां से वह लोग चले गए। लेकिन बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद मोंटी और अजय बाइक पर सवार होकर रविंद्र शर्मा के घर पर पहुंचे। उसके बाद कई राउंड फायरिंग करते हुए उनके गेट पर गोली चलाई और दोनों ही मौके से फरार हो गए।
इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को रविंद्र शर्मा की तरफ से दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें आरोपियों के खिलाफ थाने पर पहुंचकर एक तहरीर देने के लिए कहा, जब रविंद्र और उनके अन्य साथी थाने पर पहुंचकर तहरीर लिखने लगे। इसी दौरान आरोपी भी बाइक पर सवार होकर थाने के सामने पहुंचे और उन्होंने वहां भी कई राउंड गोली चला दी। फायगिंग में गोली रविंद्र शर्मा के बेटे रवि को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। आनन फानन में गंभीर हालत में रवि को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रविंद्र के परिजनों का कहना है कि जिस वक्त आरोपियों ने थाने के सामने गोली चलाई उस समय पुलिसकर्मी वहां वीडियो भी बना रहे थे। मौजूद लोगों का कहना है कि यदि थोड़ी सतर्कता बरती जाती तो यह घटना निश्चित तौर पर टल सकती थी और आरोपियों को पकड़ा भी जा सकता था। मुरादनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह तोमर, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक सूबे सिंह और विवाद क्षेत्र से संबंधित बीट प्रभारी अधिकारी उपनिरीक्षक मोहित सिंह समेत तीन अधिकारियों की लापरवाही मानते निलंबित कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button