डांट से गुस्साए नशेड़ी बेटे ने 70 साल की मां को जिंदा जलाया

देवास/मध्य प्रदेश। जिले के आदिवासी बाहुल्य उदयनगर थाना क्षेत्र के झुलादड़ में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शराबी बेटे को अपनी ही दिव्यांग मां की डांट का इतना बुरा लगा कि उसने मक्का की कड़प डालकर जिंदा जला दिया। खुद की रक्षा नहीं करने पाने में विवश मां ने वहीं तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, पूरा मामला जिले के झुलादड़ के पटेल मोहल्ले का है। यहां के रहने वाले आरोपी पुत्र धनसिंह की मंगलवार रात को मां भीनका बाई (70) से कहासुनी हो गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी बेटे ने बताया कि रात में मां बड़बड़ा रही थी, इसलिए गुस्सा आ गया था।
पहले नीचे पटका, फिर कर दिया आग के हवाले
मां की बड़बड़ाहट से चिढ़े युवक ने पहले अपनी मां को खटिया से नीचे पटका फिर पास में पड़ी मक्का की सुखी कड़प डालकर उसे जिंदा जला दिया। एक पैर से दिव्यांग मां आग में जलने से बचने की कोशिश भी नहीं कर पाई और उसने वहीं तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
भीनका बाई के पति और बहू की पहले ही मौत हो चुकी है। वह धनसिंह और उसके बेटा-बहू के साथ रहती थी। घटना वाली रात बेटा-बहू रिश्तेदारी में गए थे। वहीं, वारदात की जांच करने आई टीआई बीडी वीरा ने बताया कि आरोपी बेटे धनसिंह बारेला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शराब ने तबाह किया परिवार
आपको बता दें कि झुलादड़ और उसके आसपास के आदिवासी क्षेत्र में शराब के अवैध विक्रय से आए दिन परिवार तबाह हो रहे हैं। कुछ दिन पहले भी झुलादड़ ग्राम में एक पति ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। इलाके में शराब के अवैध व्यापार से आए दिन अपराधों की संख्या बढ़ रही है।




