90 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला यूट्यूबर, जमीन विवाद को लेकर मचा हड़कंप

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में गुरुवार सुबह जमीन विवाद ने उस वक्त नाटकीय मोड़ ले लिया जब एक महिला यूट्यूबर करीब 90 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला ने गांव के कुछ लोगों पर उसकी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, औंग थाना क्षेत्र के मिराई गांव निवासी ननकी कुशवाहा सुबह करीब 6:30 बजे टावर पर चढ़ गई। उसने आरोप लगाया कि उसके चचेरे भाइयों महेंद्र, जयेंद्र, भारत और सोनू ने गांव के अवधेश सिंह को जमीन बेच दी, जबकि जमीन का सरकारी बंटवारा नहीं हुआ था। महिला का कहना है कि उसकी हिस्सेदारी की जमीन पर भी कब्जा कर लिया गया है और उसे न्याय दिलाया जाए।
घटना के दौरान टावर के नीचे मौजूद उसकी बड़ी बहन रानी और सुनीता ने बताया कि परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। विरोध करने पर उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया गया और 50-50 लाख रुपये के जुर्माने की कार्रवाई भी की गई। उन्होंने बताया कि उनके पिता हीरालाल कुशवाहा का वर्ष 2021 में और मां सुदामा का 2023 में निधन हो चुका है, जिसके बाद से विवाद और बढ़ गया है।
सूचना मिलने पर एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय, थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि मामला बिंदकी कोर्ट में विचाराधीन है और महिला को उसके घर भेज दिया गया है।
बताया गया कि युवती सोशल मीडिया पर सक्रिय है और उसके इंस्टाग्राम पर करीब 67 हजार फॉलोअर्स हैं। टावर पर चढ़ने के दौरान उसने तीन वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए, जिनमें वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाते हुए रोती नजर आई। वीडियो वायरल होने के बाद कई यूट्यूबर भी मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और चर्चाओं में आ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button