फतेहपुर में जमीन पैमाइश के लिए लेखपाल-कानूनगो ने मांगे पैसे
Lekhpal-Kanungo demanded money for land measurement in Fatehpur

- फतेहपुर में महिला ने राजस्व कर्मियों पर लगाया ठगी का आरोप
- 20 हजार रुपये लेकर भी नहीं की जमीन की पैमाइश
- राजस्वकर्मियों ने महिला से सादे कागज पर दस्तखत कराए
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में एक महिला ने राजस्व कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां एसडीएम के आदेश के बावजूद जमीन की पैमाइश के नाम पर लेखपाल और कानूनगो ने 20 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद भी जमीन की पैमाइश नहीं की। साथ ही सादे कागज पर साइन कराने के बाद महिला से कहा कि अब तुम्हें जो करना हो जाकर कर लो, हमारा कोई बाल भी बांका नहीं कर पाएगा। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत करते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, असोथर ब्लॉक के सूबेदार का पुरवा मजरे सातों धरमपुर गांव की रहने वाली रामभवन की पत्नी श्रीमती सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। महिला ने डीएम को शिकायती पत्र दिया। बताया कि उसके ससुर रामधनी की मौत हो चुकी है, उनकी भूमि बेटे शिवभजन और रामभवन के नाम वरासत हो गई है।
जमीन के पैमाइश के लिए महिला कई बार अफसरों की चौखट पर पहुंची। इसपर बीते 20 नवंबर को एसडीएम सदर ने जमीन की पैमाइश के लिए आदेश किया था। इसके बाद 28 नवंबर की शाम लेखपाल और कानूनगो पीड़ित महिला के घर पहुंचे। आरोप है कि जमीन की तत्काल नापजोख करने के लिए राजस्व कर्मियों ने महिला से नगद 20 हजार रुपये लिए। इसके बाद सादे कागज पर दस्तखत कराने के बाद पैमाइश करने से इनकार दिया।
इतना ही नहीं साथ ही धमकी देते हुए कहा कि अब तुम्हें जो करना हो जाकर कर लो, बहुत ज्यादा शिकायत करती है, हमारा कोई बाल भी बांका नहीं कर पाएगा। राजस्वकर्मियों की इस हरकत से आहत पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत डीएम से करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई।




