जाम और अतिक्रमण पर होगा ऐक्शन : डीसीपी राकेश पावरिया

Action will be taken on jam and encroachment: DCP Rakesh Pawaria

  • ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दिया गया आश्वासन
  • पुलिस अधिकारियों ने गोकुलपुरी में बढ़ती महिलाओं की सुरक्षा की चिंता जताई

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी में हुई सुरक्षा सभा के दौरान लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर संतोष जताया। हालांकि लोगों ने बताया कि ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण के अलावा अवैध तरीके से नशीले पदार्थों की बिक्री होना बड़ी समस्याएं हैं। सुरक्षा सभा में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण का मुद्दा छाया रहा। लोगों ने इलाके में नशीले पदार्थ बेचने और असामाजिक तत्वों से होने वाली परेशानी पुलिस अफसरों के सामने रखी। सुरक्षा सभा में डीसीपी राकेश पावरिया ने लोगों को भरोसा दिया कि ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी और जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाने की कोशिश की जाएगी। जल्द ही लोगों को कार्रवाई का रिजल्ट भी दिखने लगेगा। हालांकि उन्होंने लोगों से भी सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने इलाके में नशीले पदार्थ बेचे जाने पर चिंता जाहिर की। साथ ही नशीले पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। उन्होंने लोगों को ड्रग्स हेल्पलाइन नंबर 8750870799 भी दिया। इस नंबर पर लोग नशा बेचने वालों के बारे में सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वालों का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। नाइट पट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गोकुलपुरी बहुत पुराना और बड़ा इलाका है। स्थानीय जनता के सहयोग की बहुत जरूरत है। इस इलाके में लगे सारे बूथ दोबारा शुरू कर दिए गए हैं। कुछ बूथ 24 घंटे खुले रहेंगे। इससे अपराध पर अंकुश लगाने में और ज्यादा मदद मिलेगी। साइबर क्राइम के बारे में उन्होंने बताया कि कोई भी पुलिस वाला किसी को वीडियो कर थाने में नहीं बुला सकता है। किसी को भी थाने में बुलाने के लिए नोटिस भेजा जाता है या पुलिस वाले को उनके घर भेजा जाता है। इसलिए ऐसे लोगों से डरने की नहीं बल्कि जागरूक होने की जरूरत है
नार्थ ईस्ट जिले के डीसीपी राकेश पावरिया, एसीपी दीपक चंद्र गुणवंत, एसीपी (ट्रेनिंग) सार्थक त्यागी, एसएचओ उमेद सिंह, साइबर एसएचओ विजय सिंह, इंस्पेक्टर (पीसीआर) विनय कुमार ने जनता के उठाए मुद्दों को गौर से सुना और सभी अहम बातें नोटकर अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली समस्याओं का जल्द निपटारा करने का भरोसा दिया।
दिल्ली में पुलिसिंग का काम आसान नहीं है। मेट्रो शहरों में दिल्ली पुलिस सबसे बड़ी पुलिस है। यहां पर लगभग 209 थाने हैं और 85 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी हैं। इतनी पुलिस मुंबई ही नहीं, बल्कि अमेरिका के किसी शहर में भी नहीं है। उसके बाद भी अपराध हो रहे हैं। अतिक्रमण हो रहे हैं। जाम लग रहा है। लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। लोग पुलिस के लिए सबसे ज्यादा मददगार हो सकते हैं। लोगों की सुरक्षा और परेशानी दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
डीसीपी नॉर्थ ईस्ट राकेश पावरिया ने बताया कि अतिक्रमण और जाम को लेकर कई कदम उठाए गए हैं। खजूरी चौक को बिल्कुल क्लीयर कर दिया है। कुछ काम बाकी हैं। मिलकर काम करेंगे तो समस्या भी जल्दी खत्म होगी। ट्रैफिक की समस्या के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। जल्द ही इसका रिजल्ट भी सामने आ जाएगा। हालांकि रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने के बाद उनके परिवार वाले परेशान हो जाते हैं और ऐसे में उनका भी ध्यान रखना पड़ता है। कई जगह पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी एसएचओ को गश्त पर रहने का आदेश दिया गया है। इलाके के हर पार्क में जाकर जांच करने का आदेश दिया गया है। उन ऑटो और ई-रिक्शे वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, जो म्यूजिक बजाकर गाड़ी चलाते हैं।
पीसीआर इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि नॉर्थ ईस्ट जिले में सुरक्षा में पीसीआर की टीम लगातार लगी रहती है। सुरक्षा के लिए पीसीआर की 47 गाड़ियों तैनात की गई है। इसमें प्रखर की 6 गाड़ियां हैं, जो 24 घंटे गश्त पर रहती हैं। बाकी गाड़ियां अलग-अलग पॉइंट पर खड़ी रहती हैं। जैसे ही कोई कॉल मिलती है, तुरंत पीसीआर स्टाफ मौके पर पहुंचता है। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण सड़क हादसे के भी कई घटनाएं सामने आती हैं। घायल लोगों की मदद के लिए पीसीआरजवान हमेशा मौजूद रहते हैं। समय से उन्हें अस्पताल ले जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button