पुलिसवालों की बीट बचाने के चक्कर में थाना सदर बाजार एसएचओ लाइन हाजिर
थाने की बातें मीडिया में लीक होने से पुलिस अधिकारी एसएचओ से थे नाराज

दिल्ली ब्यूरो। सदर बाजार थाने के एसएचओ ने अपने चहेते 12 पुलिसवालों की बीट बचाने के चक्कर में अपनी कुर्सी ही गंवा दी है। क्योंकि अब एसएचओ को ही लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मीडिया की खबर का असर है। दरअसल सदर बाजार में बेकाबू भीड़ का विडियो वायरल होने के बाद पुलिस की नींद खुली थी। लापरवाही बरतने के चलते थाने की दो बीट में तैनात 12 पुलिसवालों को लाइन हाजिर किया गया था।
हालांकि, एसएचओ ने कुछ ही घंटों में अपने पुलिसवालों की थाने में वापसी करवा ली थी। आला अधिकारियों ने उन्हें दूसरा काम देने के दिशानिर्देश दिए थे। मगर एसएचओ ने उन्हें वापस उसी बीट पर लगा दिया था। इस खबर को मीडिया में प्रमुखता से छापा गया था। जिसके बाद थाने में खलबली मच गई थी। अधिकारियों ने पता किया तो पुलिसवालों को उसी बीट पर लगाने की बात सही पाई गई। जिसके चलते कल एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया गया।
बता दें कि पिछले हफ्ते सदर बाजार में बेकाबू भीड़ का विडियो वायरल होने के बाद शनिवार शाम 7:36 बजे सदर बाजार की बीट नंबर-1 में तैनात एक एएसआई, तीन हेड कॉन्स्टेबल, तीन कॉन्स्टेबल और बीट नंबर-2 में तैनात एक एएसआई, दो हेड कॉन्स्टेबल, दो कॉन्स्टेबल को डीसीपी नॉर्थ के आदेश पर लाइन हाजिर किया गया था। मगर उसी रात 11:25 बजे इन सभी पुलिसवालों को वापस सदर बाजार थाने में तैनात कर दिया गया था।
हालांकि, डीसीपी की शर्तें थी कि ये आदेश अनुसार ड्यूटी करेंगे, जो ड्यूटी बताई जाएगी वो ही ड्यूटी करेंगे। मगर मीडिया को थाने में तैनात पुलिस सूत्र ने जानकारी दी थी कि डीसीपी के निर्देशों की अनदेखी कर इन पुलिसवालों को वापस उसी बीट पर लगा दिया गया है। जिसके चलते थाने के पुलिसकर्मी दो धड़ों में बंट गए थे। एक धड़ा इन पुलिसकर्मियों की बहाली से खुश है, जबकि दूसरा धड़ा नाराज था।
सूत्र का कहना है कि पुलिस अधिकारी एसएचओ से काफी नाराज थे। क्योंकि थाने की बातें मीडिया में लीक हो गई थीं। थाने में फूट पड़ने की बात तो मीडिया तक आई ही, साथ ही जनरल डायरी की जानकारी भी फोटो के साथ मीडिया में पहुंच गई थी। यही नहीं मार्केट असोसिएशन के पदाधिकारी भी एसएचओ के खिलाफ थे। उन्होंने भी आला अधिकारियों को एसएचओ के खिलाफ शिकायत की हुई थीं। अब फिलहाल थाने में चर्चा यह है कि पहले लाइन हाजिर हुए 12 पुलिसवालों की तरह एसएचओ की थाने में वापसी होगी या नहीं।




