पूरी दुनिया में मशहूर हुआ’: पहलगाम हमले के ‘मास्टरमाइंड’ का कैमरे पर कबूलनामा, पाकिस्तान में दे रहा था भाषण
'Became famous all over the world': Pahalgam attack mastermind' confesses on camera, was giving a speech in Pakistan

इस्लामाबाद/एजेंसी। पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) कमांडर सैफुल्लाह कसूरी फिर से सामने आया है। वह पाकिस्तान में एक रैली में देखा गया। इस रैली में उसने भारत के खिलाफ आग उगली। कसूरी ने पाकिस्तान के सियासी नेताओं और अन्य आतंकियों के साथ मंच साझा किया। यह रैली पाकिस्तान मार्कजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने आयोजित की थी। पाकिस्तान के परमाणु परीक्षणों की वर्षगांठ में आयोजित रैली में इसने भड़काऊ भाषण दिए। इस रैली में लश्कर सरगना हाफिज सईद का बेटा तलहा सईद भी मौजूद था। भारत ने उसे भी आतंकी घोषित कर रखा है। कसूरी ने रैली में कबूल किया कि उस पर पहलगाम हमले का आरोप है और अब वह पूरी दुनिया में मशहूर हो चुका है।
सैफुल्लाह कसूरी को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले का साजिशकर्ता माना जाता है। इस हमले में 25 हिंदू पर्यटकों के साथ 26 लोग मारे गए थे। मारे जाने वाले सारे पुरुष थे, क्योंकि आतंकवादियों ने हिंदुओं को उनका धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया था। हमला करने वाले द रेसिस्टेंस टास्क फोर्स के आतंकी थे,जो लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा आतंकी संगठन है। कसूरी को खालिद के नाम से भी जाना जाता है। उसने रैली में कहा, ‘मुझे पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड होने का दोष दिया जाता है, और मैं पूरी दुनिया में मशहूर हो चुका हूं।’ उसने ‘मुदस्सिर शहीद’ के नाम पर एक सेंटर, सड़क और अस्पताल बनाने की भी घोषणा की। खुफिया सूत्रों के अनुसार, मुदस्सिर अहमद उन आतंकियों में से एक था, जिन्हें भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में मार गिराया।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में आयोजित इस रैली में तलहा सईद ने भी भाषण दिया। वह भारत की मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में 32वें नंबर पर है। उसने जिहादी नारे लगाए और ‘नारा-ए-तकबीर कहा। सईद ने 2024 के आम चुनावों में लाहौर के एनए-122 सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गया। वह पीएमएमएल के साथ जुड़ा है, जो लश्कर-ए-तैयबा का राजनीतिक चेहरा माना जाता है। पीएमएमएल ने हाल के हफ्तों में भारत के खिलाफ बयानबाजी बढ़ा दी है। उसने लाहौर, कराची, इस्लामाबाद और फैसलाबाद जैसे शहरों में विरोध प्रदर्शन किए हैं। पीएमएमएल हाफिज सईद की रिहाई की मांग कर रहा है और सिंधु जल संधि रोकने के खिलाफ भारत को लेकर गीदड़भभकी भी दे रहा है। लश्कर-ए-तैयबा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित है, इसलिए पाकिस्तान में वह रूप-रंग बदलकर अपनी हरकतों को अंजाम देता है। इस काम में PMML जैसे संगठन उसकी मदद कर रहे हैं। हाफिज सईद संयुक्त राष्ट्र से घोषित आतंकी है और 2008 के मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है।




