सात लोगों की हत्या करने वाला लश्कर का आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर में किया एनकाउंटर
Lashkar terrorist who killed seven people killed, security forces encounter him in Jammu and Kashmir

- गांदरबल हमले में वांछित आतंकवादी हुआ ढेर
- सुरक्षाबलों ने दाचीगाम मुठभेड़ में मार गिराया
- अक्तूबर में निहत्थे लोगों पर बरसाई थी गोलियां
- गांदरबल अटैक में सात लोगों की मौत हुई थी
श्रीनगर/एजेंसी। जम्मू कश्मीर के गांदरबल में सात निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकवादी को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। जम्मू कश्मीर के दाचीगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर का यह शीर्ष कमांडर ढेर हुआ। इससे पहले हारवान के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच कई घंटे मुठभेड़ जारी रही। गांदरबल हमले के बाद सुरक्षाबलों को इस आतंकी की तलाश थी। गांदरबल हमले के बाद एक आतंकी की तस्वीर भी सामने आई थी। जिसमें यह एक झोपड़ी में घुस रहा था। हमले के बाद से यह लश्कर का कमांडर सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में था।
कश्मीर जोन पुलिस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में आतंकवादी की हत्या की जानकारी दी है। इसकी पहचान जुनैल अहमद भट के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि भट लश्कर-ए-तैयबा आतंकी संगठन का ए श्रेणी का आतंकवादी था। यह गांदरबल के गगनगीर में नागरिकों की हत्या और अन्य आतंकी हमलों में शामिल था। पुलिस के अनुसार अभी भी आपॅरेशन जारी है। राष्ट्रीय राइफल्स और सुरक्षा बलों के साथ संयुक्त रूप ऑपरेशन में यह कामयाबी मिली है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष इनपुट के बाद सुरक्षा बलों द्वारा शुरू किए गए सीएएसओ (घेराबंदी और तलाशी अभियान) के दौरान गोलीबारी शुरू हुई। जिस इलाके में आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है, उसके आसपास की घेराबंदी कड़ी कर दी गई है। मंगलवार सुबह पहली किरण के साथ ऑपरेशन फिर से शुरू हो गया। मंगलवार को सुरक्षाबलों ने आतंकवादी को मार गिराया। गांदरबल टनल अटैक में सात निर्दोष लोगों की हत्या की गई थी। आतंकवादियों ने उस वक्त इन लोगों को निशाना बनाया था। जब वे काम करने के बाद कैंप में वापस लौट रहे थे। यह घटना करवा चौथ के दिन हुई थी।




