गाजियाबाद में केंद्रीय मंत्री के आवास के पास पेट्रोल पंप कैशियर से गनप्वाइंट पर रुपयों से भरा बैग लूट ले गए बदमाश

गाजियाबाद। राजनगर में सोमवार दोपहर केंद्रीय मंत्री एवं सांसद वीके सिंह के आवास के पास बाइक सवार बदमाशों ने गनप्वाइंट पर पेट्रोल पंप कैशियर से साढ़े नौ लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। जाते हुए बदमाश पीड़ित का मोबाइल सड़क पर फेंकते हुए फरार हो गए।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आरोपितों को पकड़ने के लिए चार टीमों को लगाया गया है। हापुड़ निवासी प्रमांशु कौशिक का राजनगर एक्सटेंशन में एचपी कंपनी का गौरी शिवाय पेट्रोल पंप छह वर्षों से है। पंप पर बजरिया निवासी मयंक राजपूत कैशियर है।
प्रमांशु के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उनका कैशियर मयंक करीब साढ़े नौ लाख रुपये लेकर नवयुग मार्केट एसबीआई शाखा में जमा कराने जा रहा था। डीपीएस फाटक से थोडा आगे सांसद आवास के पास मयंक को बाइक सवार दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर रुपयों से भरा थैला और मोबाइल लूट लिया। रुपये लूटकर बदमाश तेजी से फरार हो गया।
जाते हुए कैशियर का मोबाइल सड़क पर फेंक गए। पीड़ित ने राहगीर की मदद से पेट्रोल पंप मालिक को घटना की सूचना दी। मालिक ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे। पीड़ित के बताए हुलिए और समय को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली हैं। सोमवार को पुलिस की ओर से बैंकों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरती जाती है। रविवार को बैंकों का अवकाश होेने की वजह से सोमवार को व्यापारिक प्रतिष्ठानों से बैंकों में नकदी जमा की जाती है। पुलिस का कहना है कि राजनगर एक्सटेंशन से नवयुग मार्केट जाने के लिए अन्य भी रूट हैं। इस रूट पर अन्य रूटों की अपेक्षा यातायात कम रहता है।




