आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की प्रॉपर्टी 56 लाख से 8 करोड़

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ से सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव की संपत्ति पिछले 15 सालों में 14 गुना तक बढ़ गई है। लोकसभा चुनाव 2024 के हलफनामे में उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्ति करीब आठ करोड़ रुपये बताई है। 2009 में उन्होंने अपनी संपत्ति 56 लाख 82 हजार 299 रुपये बताई थी। 2014 में यह दो करोड़ 49 लाख 87 हजार 715 रुपये हो गया। 2019 के लोकसभा चुनाव में धर्मेंद्र यादव की संपत्ति दो करोड़ से बढ़कर 12 करोड़ 97 लाख 81 हजार 705 रुपये हो गई थी। इसमें चल अचल संपत्ति के साथ बैंक में जमा पैसा भी शामिल है।सपा मुखिया अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव और उनकी पत्नी दोनों के पास करोड़ों की संपत्ति है। पत्नी नीलम यादव के नाम 5 करोड़ की संपत्ति है। वाहन के नाम पर धर्मेंद्र के पास एक टोयटा क्वालिस और ट्रैक्टर है। उनके पास एक पिस्टल और एक राइफल भी है। पत्नी नीलम के पास 310 ग्राम के सोने के जेवर हैं जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। धर्मेंद्र यादव ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से राजनीति में मास्टर की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा विधि स्नातक भी रहे हैं। धर्मेंद्र के पास सिर्फ 64 हजार की नगदी है। पत्नी के पास सिर्फ छह हजार 195 रुपये नगदी है। धमेंद्र के पास विभिन्न बैंकों में साढ़े सात लाख रुपये कैश जमा है। उनके पास जेवरात नहीं है।
आजमगढ़ में धर्मेंद्र यादव के खिलाफ ताल ठोक रहे बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ की कुल संपत्ति नौ करोड़ 10 लाख 56 हजार रुपये है। वह 12वीं पास है। 2019 के चुनावी हलफनामे में निरहुआ ने अपनी संपत्ति छह करोड़ बताई थी, जिसमें अब तीन करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा हो गया है। कारों के मामले में निरहुआ धर्मेंद्र यादव से आगे निकल गए हैं। निरहुआ के पास एक रेंज रोवर, एक फॉर्च्यूनर और एक पल्सर बाइक है। इसकी कीमत उन्होंने 53 लाख रुपये बताया है।




