फतेहपुर में घर में घुसी गाय को युवक ने काट डाला, मौके पर पहुंचे लोगों को भी बोला पास आए तो काट डालूंगा
In Fatehpur, a young man killed a cow that had entered his house. He also told people who reached the spot that he would kill him if they came near him.

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में आईआईटियन ने घर में घुसी गाय को काट डाला। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। उधर, गोवंश की हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर एसडीएम और सीओ सिटी के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, राधानगर थाना क्षेत्र के अशोक नगर मुहल्ला निवासी मोहन निषाद रिटायर्ड फौजी हैं। बताया जा रहा है कि इनका बेटा रोहन निषाद मद्रास से आईआईटी किया। इसके बाद विदेश में 18 लाख के पैकेज में नौकरी के लिए चला गया था। रोहन की मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह वापस लौट आया। उसका इलाज भी चल रहा है। बुधवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे रोहन के घर का गेट खुला था, तभी एक गाय अंदर घुस गई। इससे नाराज आईआईटियंस रोहन घर के अंदर से बांका लेकर आया और गाय पर कई बार हमला किया, जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। आस-पड़ोस के लोगों की नजर पड़ी तो मौके पर दौड़कर पहुंचे। यह देख हाथ में खून से सना बांका लिए रोहन ने धमकाते हुए बोला कि अगर कोई पास आया तो उसे भी भी काट डालूंगा।
दहशतजदा ग्रामीणों की सूचना पर हिंदू संगठनों के आक्रोशित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर और सीओ सिटी के साथ स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच कर लोगों को किसी तरह समझा कर शांत कराया और इसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया।
वहीं, लोगों ने मौके पर पहुंचे अफसरों से आरोपी रोहन के परिवार पर नाले के ऊपर अवैध निर्माण कराने का भी आरोप लगाया। इस पर तत्काल अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई कर ध्वस्त करा दिया गया। एसडीएम सदर अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इलाके में शांति व्यवस्था कायम है। मामले में पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।




