गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट को मिले 711 उपनिरीक्षक, विवेचनाओं में आएगी तेजी

गाजियाबाद। कमिश्नरेट को नए 711 उपनिरीक्षक मिलने जा रहे हैं। जल्द ही प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी कमिश्नरेट में आमद कराएंगे। हाल में कमिश्नरेट में 1,150 उपनिरीक्षक हैं, 711 उपनिरीक्षक और मिलने से बेहतर पुलिसिंग होने की उम्मीद है। पुलिस आयुक्त का कहना है कि पुलिस फोर्स बढ़ने से अपराध नियंत्रण और विवेचनाएं जल्द पूरी होने में मदद मिलेगी।
711 उपनिरीक्षक और मिलने से कमिश्नरेट में 1,861 उपनिरीक्षक हो जाएंगे। वर्तमान में हर थाने पर औसतन 30 से 35 उपनिरीक्षक हैं लेकिन नए उपनिरीक्षक आने से हर थाने को 25 से 30 और दरोगा मिल जाएंगे। पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला संबंधी अपराध के मामलों की विवेचनाओं को दो महीने के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं नए उपनिरीक्षक मिलने के बाद सभी मामलों की विवेचनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास रहेगा।
711 उपनिरीक्षक में से 57 एकेएडीएम मुरादाबाद, 93 पीटीएस गोरखपुर, 47 एपीटीसी सीतापुर, 45 पीटीएस मुरादाबाद, 37 पीटीएस जालौन, 35 पीटीएस सुल्तानपुर, 88 पीटीसी मुरादाबाद, 108 एपीटीएस मिर्जापुर, 23 पीटीएस सीतापुर, 110 पीटीएस मेरठ और 68 पीटीसी उन्नाव से मिले हैं।




