दिल्ली में 40 फीट गहरे बोरवेल में गिरे शख्स की नहीं बच सकी जान, रेस्क्यू टीम ने निकाला शव

नई दिल्ली। केशोपुर में दिल्ली जल बोर्ड के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 40 फीट बोरवेल में गिरे शख्स की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने उसे मृत पाया था। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने इसकी जानकारी दी है। व्यक्ति रात में एक बजे बोरवेल में गिर गया था। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। आतिशी ने सोशल साइट एक्स पर लिखा, बहुत दुख के साथ यह खबर साझा कर रही हूं कि जो पुरुष बोरवेल में गिरे थे, उन्हें रेस्क्यू टीम ने मृत पाया है। ईश्वर अपने श्री चरणों में उन्हें स्थान दें। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष थी। वे बोरेवेल के कमरे में कैसे घुसे, बोरेवेल के अंदर कैसे गिरे, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जाएगी। मैं एनडीआरएफ की टीम का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने कई घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन में हर संभव प्रयास किया।
शख्स रात में लगभग एक बजे बोरवेल में गिर गया था। बोरवेल के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से बंद था। रात में विकासपुरी पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि केशोपुर (दिल्ली) जल बोर्ड कार्यालय में एक व्यक्ति बोरवेल में गिर गया है। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन (बचाव अभियान) चलाया गया। लगभग 14 घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन वह मृत था।
उससे पहले उन्होंने पोस्ट कर लिखा था, बोरवेल एक तालाबंद बंद कमरे में था। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि यहां जबरदस्ती ताला तोड़ घुसने का प्रयास किया गया था। पुलिस इसकी जांच करेगी। ऐसे मामले दोबारा सामने न आएं, इसे लेकर जल बोर्ड को सख्त आदेश दिए हैं कि दिल्ली में बंद पड़े सभी प्राइवेट-सरकारी बोरबेल को 48 घंटे के अंदर वेल्डिंग कर सील किया जाए और मुझे इसकी रिपोर्ट सौंपी जाए।
इसके अलावा आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को पत्र लिखकर घटना की जांच करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button