पीएम मोदी ने समझाया कश्मीर से कमल और क्रिकेट का कनेक्शन

श्रीनगर/एजेंसी। खचाखच भरे स्टेडियम और मोदी-मोदी के नारों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के बख्शी मैदान में एक बड़े रैली को संबोधित किया। इस दौरान मोदी ने कश्मीर से कमल और क्रिकेट का कनेक्शन भी बतला दिया। साफ तौर पर मोदी ने यह दावा कर दिया कि कमल का कनेक्शन कश्मीर से बहुत पुराना है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने अपनी बातों-बातों में कश्मीर के लोगों से इस बात का आह्वान कर दिया कि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें कमल के फूल को ही वोट देना चाहिए। भाजपा जम्मू में तो अच्छा प्रदर्शन करती हैं लेकिन कश्मीर में आज भी वह संघर्ष करती हुई दिखाई दे जाती है। ऐसे में मोदी को उम्मीद है कि जम्मू कश्मीर में किया जा रहे विकास कार्यों के बाद भाजपा को राज्य में बढ़त मिलेगी।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यहां की झीलों में जगह-जगह कमल देखने को मिलते हैं। 50 साल पहले बने जम्मू कश्मीर क्रिकेट एशोसिएशन के लोगो में भी कमल है। ये सुखद संयोग है या कुदरत का कोई इशारा कि भाजपा का चिन्ह भी कमल है और कमल के साथ तो जम्मू कश्मीर का गहरा नाता है। उन्होंने कहा कि जब इरादे नेक हों, संकल्प को सिद्ध करने का जज्बा हो तो फिर नतीजे भी मिलते हैं। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे यहां जम्मू कश्मीर में G20 का शानदार आयोजन हुआ। आज यहां जम्मू कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। अकेले 2023 में ही 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल हुए भीड़ को देखकर भाजपा उत्साहित नजर आ रही है। भाजपा को उम्मीद है कि अब घाटी में भी उसकी पकड़ मजबूत हुई है। यह कहीं ना कहीं पार्टी के लिए सुखद संकेत है। लेकिन सवाल अभी भी बरकरार है कि क्या यह भीड़ वोटो में तब्दील होगी? 2019 में भाजपा ने उधमपुर और जम्मू लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। लेकिन बारामुला, श्रीनगर और अनंतनाग में उसे कामयाबी नहीं मिल पाई थी। ऐसे में इस बार के लोकसभा चुनाव में कुछ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।




