आगरा में गाड़ी से छुड़ा ले गए वारंटी, पुलिस की परिजनों ने लगा दी पिटाई, भागकर बचाई जान
आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा में पुलिस का इकबाल कम हो रहा है। यही वजह है कि वारंटी की पकड़ने गई पुलिस टीम को परिवारजनों ने खदेड़ दिया। पुलिस टीम की पिटाई लगाई और एक दारोगा की वर्दी भी फाड़ डाली। वहीं, मौका पाकर वारंटी भी मौके से भाग गया। इस मामले में पुलिस ने 9 नामजद और 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस वारंटी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
मामला लोहामंडी आदर्श पुलिस थाने का है। लोहामंडी खाती पाड़ा में रहने वाला शानू कुरैशी एनआई ऐक्ट में वारंटी था। कोर्ट से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी हुआ था। शुक्रवार शाम 7 बजे पुलिस टीम शानू कुरैशी को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची थी। पुलिस ने शानू को पकड़ लिया। इतने में उसके परिजन और आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस के साथ लोगों की मारपीट शुरू हो गई। दारोगा अरुण कुमार की वर्दी फाड़ डाली। भीड़ को बढ़ता देख पुलिस टीम को मौके से भागना पड़ा। इस बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को खदेड़ दिया। थाना लोहामंडी के एसएसआई ने बताया कि शानू कुरैशी उनके हाथ नहीं लगा है। वह मौके से भाग गया। इस मामले में पुलिस ने 9 नामजद और 20-25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना लोहामंडी की आलमगंज चौकी में तैनात दारोगा अरुण कुमार और एक पुलिस कर्मी चीता पर वारंटी शानू कुरैशी को पकड़ने के लिए खाती पाड़ा उसके घर पहुंचे थे। शानू को पुलिस ने पकड़ लिया था। उसे अपनी चीता गाड़ी पर बैठा लिया था। इतने में लोग एकत्र हो गए और पुलिसवालों को बाइक समेत नीचे गिरा लिया। पुलिस के साथ हाथापाई करने लगे। पुलिस वाले नहीं मानें तो उनकी पिटाई लगा दी। इस मारपीट में दारोगा की वर्दी फट गई। एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।