भाजपा में शामिल हुईं समाजवादी पार्टी की पूर्व नेता एवं अखिलेश यादव की करीबी ऋचा सिंह

प्रयागराज/उत्तर प्रदेश। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के खबरों के बीच एक बड़ी सूचना सामने आई है। समाजवादी पार्टी की युवा नेता और इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके भाजपा में शामिल होने की खबर से सपा को झटका लगा है। ऋचा सिंह युवाओं के बीच में काफी लोकप्रिय हैं। उनकी इसी लोकप्रियता के कारण अखिलेश यादव ने पार्टी से जोड़ा था। हालांकि, रामचरितमानस विवाद के दौरान ऋचा सिंह ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर जोरदार हमला बोल दिया था। उन्होंने इस मामले में कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य को किसी की भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। उनके बयानों के बाद नाराज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी से बाहर करने का फरमान सुना दिया।
2016 में बनी थीं सपा की सदस्य
ऋचा सिंह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की लोकप्रिय छात्र नेता रही हैं। दिसंबर 2016 में औपचारिक रूप से वह सपा में शामिल हुई थी। इससे पहले ऋचा सिंह ने अक्टूबर 2015 में सपा के समर्थन से इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष चुनाव जीता था। समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव 2017 में ऋचा सिंह को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, वह इस चुनाव में हार गई।
स्वामी प्रसाद मौर्य पर बयान देकर चर्चा में आई
पूर्व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की रामचरितमानस पर टिप्पणी का ऋचा सिंह ने जोरदार विरोध किया था। सोशल मीडिया पर वे लगातार स्वामी प्रसाद मौर्य को घेर रही थीं। इसी मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी भी हुई। इस मामले में 16 फरवरी 2023 को अखिलेश यादव के निर्देश पर ऋचा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित कर दिया गया।
सपा अध्यक्ष पर साधा था निशाना
समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद भी ऋचा सिंह लगातार हमलावर रही थीं। उन्होंने सीधे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेर लिया। ऋचा ने पार्टी के खिलाफ कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग तक से गुहार लगा दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को टैग कर निशाना साधा। अब उनके भाजपा में जाने की खबर सामने आई है। युवा भाजपा की डॉ. ऋचा राजपूत ने ऋचा सिंह के साथ फोटो शेयर कर उनका पार्टी में स्वागत किया है।
जनसेवा का लिया संकल्प
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद डॉ. ऋचा सिंह ने कहा कि राष्ट्रवाद की मुख्य धारा से जुड़कर आज मैंने जनसेव का संकल्प लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा जनता की आवाज उठाई है और आगे भी इस कार्य को पूरी मजबूती के साथ करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button