दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में पार्किंग विवाद में चले लाठी-डंडे, चार लोग घायल

दिल्ली ब्यूरो। न्यू उस्मानपुर इलाके में पार्किंग विवाद में पड़ोसी भिड़ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में क्रास प्राथमिकी पंजीकृत की है। शिकायतकर्ता नीरज परिवार के साथ उस्मानपुर में रहता है। उसका आरोप है कि मंगलवार रात वह अपने आफिस से लौटा तो देखा पड़ोसी वीरपाल ने अपनी स्कूटी उनके घर के बाहर खड़ी की हुई है। नीरज को अपना वाहन खड़ा करने में परेशानी होने लगी, काफी देर तक हार्न बजाने के बाद भी पड़ोसी ने स्कूटी नहीं हटाई।
अचानक से पड़ोसी बाहर आया और गाली गलौज करके उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूसरे शिकायतकर्ता वीरपाल का कहना है कि वह हार्न की आवाज सुनकर स्कूटी हटाने के लिए जैसे ही घर से बाहर निकले, नीरज व उसके परिवार के सदस्य उसके साथ गाली गलौज करने लगे। बाद में उसपर हमला कर दिया।




