दो हिस्‍सों में बंटी कुशीनगर एक्सप्रेस, सो रहे यात्रियों में मचा हड़कंप, 4 घंटे थमा रहा कानपुर-झांसी रेलवे रूट

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर-झांसी रेलवे रूट पर पुखरायां स्टेशन के पास सोमवार तड़के कुशीनगर एक्सप्रेस दो भागों में बंट गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने ट्रेन रोक कर उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी। दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन से अलग हुई बोगियों को जोड़ा गया। इसके बाद ट्रेन मुंबई के लिए रवाना कर दी गई है। गोरखुपर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस अलसुबह करीब तीन बजे पुखरायां स्टेशन के पास पहुंची। यहां अचानक बोगी नंबर एस-टू की कपलिंग टूट गई। इससे तेज आवाज के साथ ट्रेन दो भागों में बंट गई। इस घटनाक्रम से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। अधिकतर यात्री सो रहे थे। उनकी नींद टूट गई और वह काफी देर तक तो समझ ही नहीं पाए आखिर हुआ क्या है। हालाकि ट्रेन चालक ने सूझबूझ से ट्रेन को रोक लिया। कुछ देर बाद माहौल सामान्य हुआ। घटना में किसी को भी चोट लगने की जानकारी नहीं हुई है। कानपुर से दूसरा इंजन मंगा कर ट्रेन से अलग हुई बोगियों को जोड़ा गया। फिर सुबह 7:20 बजे ट्रेन को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। तब यात्रियों ने राहत की सांस ली।
कपलिंग टूटने वाली बोगी को अलग किया गया
कुशीनगर नगर एक्सप्रेस के इंजन से चौथी बोगी एस-टू की कपलिंग टूटी थी। ये बोगी इंजन की तरफ से अलग हो गई लेकिन पीछे की बोगियों से जुड़ी रही। सूचना के बाद रेलवे की टीम ने इस बोगी को अलग कर स्टेशन के पास खड़ा कराया। इसके बाद बाकी की बोगियों को दूसरे इंजन की मदद से जोड़ा गया। इसमें करीब चार घंटे का समय बीत गया। इस दौरान पुखरायां स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल यात्रियों के बीच बना रहा।
एक घंटे रोकी गई सुपर फास्ट ट्रेन
कानपुर झांसी अप लाइन में कुशीनगर एक्सप्रेस की कपलिंग टूटने पर ये रूट बाधित हो गया। इस दौरान सुपर फास्ट ट्रेन गोरखपुर एलटीटी 20104 को कानपुर सेंट्रल से पुखरायां के बीच के स्टेशनों में रोक रोक कर रवाना किया गया। इससे सुपर फास्ट ट्रेन में सवार यात्री भी चिंतित रहे। रेलवे सूत्रों के मुताबिक ये ट्रेन एक घंटे विलंब हो गई। कानपुर झांसी मंडल के पीआरओ मनोज सिंह ने बताया कि अप लाइन में भोर पहर की वजह से ट्रेनों की संख्या बहुत कम थी इससे कोई खास असर नहीं पड़ा। कुशीनगर की बोगियों को जोडक़र सकुशल रवाना कर दिया गया है। घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button