ग्रेटर नोएडा के महागुन मायवुड्स सोसाइटी में नाराज सुरक्षाकर्मियों ने बंद किया सोसाइटी का गेट, वेतन नहीं मिलने से हैं परेशान

ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने दो माह से वेतन नहीं मिलने पर मंगलवार की सुबह हड़ताल कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने सोसाइटी के मुख्य गेट को बंद कर दिया। जिस कारण लोग बाहर नहीं जा सके। गेट बंद होने से कुछ लोगों समय से कार्यालय नहीं पहुंच सके। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षाकर्मियों को समझाकर गेट खुलवाया।
निवासियों ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। पिछले काफी समय से सुरक्षाकर्मी वेतन देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन बिल्डर सुनने को तैयार नहीं है। परेशान होकर मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे सुरक्षाकर्मियों ने काम बंद कर दिया और सभी गेट पर एकत्र हो गए। उसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने गुस्से में आकर सोसाइटी के मुख्य गेट बंद कर दिया। जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
निवासियों ने बताया कि करीब 30 से 40 मिनट तक गेट बंद रहा। इस दौरान उस गेट से निकलने वाले लोगों को परेशानी हुई। गेट बंद होने से काफी लोगों को ऑफिस जाने में देरी हुई। परेशान लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षाकर्मियों को शांत कराया। उसके बाद बिल्डर से बातचीत कराई। उसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने गेट खोला। बिल्डर प्रबंधन ने शाम तक वेतन देने का आश्वासन दिया है।




