यति नरसिंहानंद गिरी को पुलिस ने मंदिर में किया नजरबंद, सीएम योगी को खून से लिखा पत्र
गाजियाबाद। मेरठ के दीपक त्यागी हत्याकांड के एक साल पूरे होने पर परिजनों ने यज्ञ का आयोजन किया, जिसमें यति नरसिंहानंद गिरी महराज शामिल होने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया। इसके बाद महाराज ने सीएम योगी आदित्यनाथ को खून से खत लिखा है। दीपक त्यागी की बरसी में जाने से रोकने के लिए शिवशक्ति धाम डासना को पुलिस ने छावनी बना दिया। पुलिस ने महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी को नजरबंद कर दिया। इसके बाद महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी जी महाराज ने अपने खून से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। यह पत्र उनके शिष्य सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाएंगे। साथ ही कल से यति सन्यसियों की शिवशक्ति धाम डासना से मुख्यमंत्री आवास की पदयात्रा आरंभ होगी। त्यागी समाज इस मुद्दे पर हिंदुओं की सभी छत्तीस जातियों की पंचायत बुलाएगा।
बता दें कि दीपक त्यागी हत्याकांड के एक साल होने पर परिजन यति नरसिंहानंद महाराज से मिलने गाजियाबाद पहुंचे थे। हत्याकांड के एक साल पूरे होने पर पुण्यतिथि पर पीड़ित परिवार ने शांति यज्ञ रखा। शांति यज्ञ में देशभर के साधु-संतों और हिंदुओं से भाग लेने की अपील की। इस यज्ञ में शामिल होने के लिए यति नरसिंहानंद महाराज जाने वाले थे, इसलिए पहले पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया।
मेरठ जिले में परीक्षितगढ़ के खजूरी गांव में 27 सितंबर 2022 को दूसरे संप्रदाय के लोगों ने दीपक त्यागी की निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने खजूरी गांव निवासी फैमीद को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। फैमीद गांव में झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रहता था, जो मूलरूप से दौराला के पास सरसवा गांव का रहने वाला है। पिछले एक साल से पीड़ित का परिवार न्याय के लिए भटक रहा है।




