कानपुर में एक शख्स ने फर्जी दस्तावेज पर लिया 16 लाख का लोन

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। कानपुर से हैरान करने वाली घटना प्रकाश में आई है। लोन कराने के नाम पर धोखेबाज ने बैंककर्मियों की मिलीभगत से रेलवे कर्मचारी के फर्जी दस्तावेज लगाकर 16 लाख का लोन करा लिया। लोन की छह किस्ते न जमा होने के बाद बैंककर्मी रेलवे कर्मचारी के घर पहुंचे तो उसे मामले की जानकारी हुई। रेलवे कर्मचारी ने बैंककर्मियों से मामले की शिकायत की तो वह टालमटोल करने लगे। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से मामले की शिकायत की, जिसके बाद धोखेबाज युवक समेत बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बाबूपुरवा कोतवाली क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर निवासी राकेश कुमार यादव रेलवे विभाग में तैनात है। उन्होंने बताया कि बगाही निवासी उनके मित्र ऋषि केशव मिश्रा ने बैंक में पहचान होने की बात कह कर पर्सनल लोन कराने के लिए आश्वसत किया था। ऋषि केशव मिश्रा की बातों में आकर राकेश 80 फीट रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में बचत खाता खुलवाया, लेकिन खाते में तनख्वाह न आने की बात कह कर ऋषि केशव ने पर्सनल लोन नहीं होने का हवाला दिया। जुलाई 2022 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया चकेरी शाखा के कर्मचारी राकेश के घर आए और लोन की किस्त जमा न होने का दावा किया। राकेश के अनभिज्ञता जाहिर करने पर बैंक कर्मचारियों ने बताया कि उनके नाम पर 10 लाख रुपयों का लोन है।
राकेश ने बैंक जाकर मामले की जानकारी की तो फर्जी सर्विस कार्ड, फर्जी सैलरी स्लिप आदि कूटरचित दस्तावेज लगाकर लोन कराने की बात सामने आई। जांच में सामने आया कि ऋषि केशव ने पूर्व में भी भारतीय स्टेट बैंक की कर्रही की शाखा से राकेश के फर्जी दस्तावेज लगाकर छह लाख का लोन लिया था। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से लोन होने के बाद ऋषि केशव ने छह लाख लोन की किस्ते जमा कर दी। राकेश ने आरोप लगाया कि ऋषि केशव ने बैंक कर्मचारियों से साठगांठ कर फर्जी दस्तावेज लगाकर उसके नाम से लोन कराया है।
राकेश ने मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर आरके स्वर्णकार को दी। पुलिस कमिश्नर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए स्टेट बैंक चकेरी के कर्मचारियों और ऋषि केशव के खिलाफ बाबूपुरवा पुलिस को मुकदमे के आदेश दिए। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button