गुजरात में सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी नहीं बन पाएंगे ‘सिंघम’

अहमदाबाद,(एजेंसी)। गुजरात पुलिस के अफसर और पुलिसकर्मी पर अब सोशल मीडिया पर खुद को प्रमोशन करने वाली पोस्ट नहीं कर पाएंगे। डीजीपी विकास सहाय ने खाकी वर्दी में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से रोक लगा दी है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विकास सहाय ने एक परिपत्र जारी किया है जो कर्मचारियों को वर्दी में वीडियो और रील बनाने से रोकता है, चाहे वे ड्यूटी पर हों या ऑफ-ड्यूटी। डीजीपी ने सिर्फ सोशल मीडिया पर सख्ती नहीं की है बल्कि ट्रैफिक नियमों की अवेहलना करने पर अब पुलिसकर्मी भी नपेंगे। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जारी जाएगी। डीजीपी के आदेश से सोशल मीडिया और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर को दो सर्कुलर जारी किए गए हैं। पिछले दिनों आईपीएस विकास सहाय के डीजीपी बनने के बाद सोशल मीडिया पॉलिसी जारी की थी, लेकिन इसके बाद भी गुजरात पुलिस की ड्रेस में पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे। इनमें रील्स और खुद को बॉलीवुड के हीरो के अंदाज में प्रजेंट करने वाली पोस्ट अधिक थीं।
सर्कुलर में कार्रवाई के दिए निर्देश
डीजीपी के सर्कुलर में पुलिस आयुक्तों, रेंज उप महानिरीक्षकों (डीआईजी) और जिला पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को सोशल मीडिया नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने को कहा गया है। सर्कुलर के मुताबिक इस निर्देश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन नियमों के दायरे में फेसबुक, ट्विटर, वाट्सएप, टेलीग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म शामिल हैं। सोशल मीडिया के साथ अब पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक नियमों का भी पालन करना पड़ेगा। बिना हेलमेट ड्राइविंग के साथ ट्रिपल राइडिंग जैसी स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं डीजीपी ने थानों के बाहर पार्किंग भी ठीक से करने के निर्देश दिए हैं। अगर किसी थाने के अंदर और बाहर वाहनों की पार्किंग ठीक से नहीं मिली तो जिम्मेदार पुलिसकर्मी और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आईएएस विकास सहाय इसी साल राज्य के डीजीपी बने थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button