गाजियाबाद में फर्जी निकला गैंगरेप का मामला, जांच के बाद युवती हुई गिरफ्तार

पूर्व में भी फर्जी मामले में एक युवती हुई थी गिरफ्तार

गाजियाबाद। पुलिस ने मधुबन बापूधाम थाने में सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा जांच के बाद फर्जी पाया। पुलिस ने आरोप लगाने वाली युवती को फर्जी मुकदमा दर्ज कराने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि युवती पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है। युवती सिहानी गेट थानाक्षेत्र के गैंग्स्टर संजय सूरी के गिरोह से जुड़ी हुई है।
एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह के मुताबिक आठ मई को मधुबन बापूधाम थाने में सिहानी गेट थानाक्षेत्र निवासी युवती ने शिकायत देकर बताया कि पूर्व में विनीत गर्ग एवं उसके साथियों ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया था।
अचेत होने पर युवती के साथ दुष्कर्म किया और फोटो एवं वीडियो बना लिए। वीडियो और फाेटो लेने के लिए युवती को पांच मई को विनीत ने हापुड़ चुंगी स्थित पहलवान ढाबे के पास बुलाया था। मौके पर पहुंचने पर युवती को विनीत अपने साथ कार में दो साथियों के साथ सुनसान जगह ले गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि युवती ने पहलवान ढाबे पर पांच मई को खाना खाया था। इसके बाद युवती अकेली बाहर निकली और अकेली ही गई थी। युवती के मोबाइल और आरोपित विनीत के मोबाइल की सीडीआर निकालने से पता चला कि दोनों की लोकेशन भी उस दिन अलग-अलग थी। इसके आधार पर पुलिस ने युवती की बताई दुष्कर्म की कहानी फर्जी पाई। एसीपी का कहना है कि युवती ने रुपये वसूलने के लिए गलत आरोप लगाए थे। एसीपी कविनगर का कहना है कि फरवरी में भी ऐसा ही एक अन्य मामला सामने आया था जिसमें एक युवती ने सामूहिक दुष्कर्म का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था। उस मामले में भी पुलिस ने जांच कर मामला फर्जी पाया और युवती को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button