गोरखनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी योगी राघवेंद्र नाथ ने रजादेपुर मठ का किया भ्रमण

- प्राचीन सिद्ध पीठ रजादेपुर मठ का होगा कायाकल्प।
- रजादेपुर मठ के कायाकल्प का योगी राघवेंद्र नाथ ने दिया आश्वासन।
- रजादेपुर मठ पर योगी राघवेंद्र नाथ का हुआ भव्य स्वागत।
आजमगढ़,(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सगड़ी तहसील क्षेत्र में स्थित सिद्ध पीठ राजादेपुर मठ का गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रमुख योगी राघवेंद्र नाथ ने भ्रमण एवं निरीक्षण किया। राजदेपुर मठ के मठाधीश महंत शिवसागर भारती ने योगी राघवेंद्र नाथ का माल्यार्पण एवं पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
जानकारी के अनुसार सिद्धपीठ रजादेपुर मठ की परंपरा करीब 200 साल पुरानी है तथा यह देश की प्रसिद्ध सिद्धपीठों में शुमार है। इस मठ की शाखाएं देश के कोने-कोने में फैली हुई है जिसके लाखों शिष्य हैं। वर्तमान में महंत शिवसागर भारती इस मठ के महंत एवं मठाधीश हैं। यह सिद्ध पीठ उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ दोहरीघाट राजमार्ग पर जीयनपुर से उत्तर तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह मठ लगभग दो सौ बरस पुराना है जिसकी चर्चा विदेशों में भी भारतीय दर्शन के शिक्षा ज्ञान के रूप में होती है।
मंगलवार की सुबह 10 बजे गोरखनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी योगी राघवेंद्र नाथ ने मठ का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। मठ के महंत शिवसागर भारती सहित दर्जनों लोगों ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया इस दौरान योगी राघवेंद्र नाथ ने रजादेपुर मठ पर प्राचीन राम दरबार, ठाकुर जी व शिव जी का दर्शन पूजन विधि विधान पूर्वक किया। वही मठ का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों से वार्ता कर मठ के कायाकल्प का आश्वासन भी दिया। महंत शिवसागर भारती को प्राचीन सिद्ध पीठ की परंपरा को जीवंत करने और पुनः आगे बढ़ाने के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।




