24 घंटे बाद थैले में मिला घर के बाहर से गायब हुई लड़की का शव

उज्जैन,(मध्य प्रदेश)। उज्जैन शहर से मंगलवार शाम को गुम चार साल की बच्ची का शव अगले दिन मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची का शव एक थैले में बंद मिला। शव पर किसी चोट के निशान नहीं हैं, लेकिन उसकी मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
मंगलवार शाम को इंदिरा नगर ईदगाह के पास कमल कॉलोनी क्षेत्र से चार वर्षीय बच्ची गुम हो गई थी। बच्ची का नाम राजनंदिनी उर्फ नन्नू पिता रामसिंह राणा बताया जा रहा है। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया था। एडिशनल एसपी आकाश भूरिया ने बताया कि डायल हंड्रेड के सिपाही को वाल्मीकि धाम आश्रम के रास्ते के नाले के पास एक थैला दिखा। संदेह होने पर जब थैले को खोला गया तो उसमें बच्ची का शव दिखा। तत्काल पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोटो वीडियो करवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय में रखा गया है। डॉक्टरों की विशेष पैनल द्वारा पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। आरंभिक जांच में बच्ची के शरीर पर किसी प्रकार के निशान नहीं पाए गए हैं।
4 वर्षीय बच्ची कमल कॉलोनी निवासी कैटरिंग का काम करने वाले राम सिंह राणा की बेटी है। राम सिंह राणा गंगानगर में हलवाई का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह शादी के काम से तीन जून से दूराया गए हुए थे। वहां से वे मंगलवार को घर लौटे थे। उनकी तीन बेटियां हैं जिनमें से दो उनके पास और एक मामा के घर रहती है। 9 वर्षीय स्वाति और 4 वर्षीय राजनंदिनी उनके साथ रहती थी। राजनंदिनी की मां ने बताया कि उनकी दोनों बेटियां गली के बच्चों के साथ दिन में लगभग 3 बजे बाहर खेल रही थीं। तभी किसी ने दोपहर में ना खेलने की हिदायत देकर बच्चों को घर भेज दिया था। इसीलिए दोनों बहनें घर की सीढ़ियों पर आकर बैठ गईं। राजनंदिनी ने अपनी बड़ी बहन से और खेलने की जिद की। इसी बीच स्वाति घर के अंदर पानी पीने आई। वह जब बाहर आई तो राजनंदिनी गायब थी।
इसके बाद उसे ढूंढने की कवायद शुरू हुई। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज की। सोशल मीडिया पर भी बच्ची के गुमशुदा होने की पोस्ट शेयर की गई। अगले दिन सुबह एसपी पुलिस फोर्स सहित बच्ची के घर पहुंचे। परिजनों से पूछताछ के बाद एसपी सचिन शर्मा ने उसे जल्दी ढूंढ निकालने का आश्वासन दिया। पुलिस ने पूरी सरगर्मी के साथ बच्ची को तलाशने का काम शुरू किया। घर-घर की तलाशी ली जा रही थी और ड्रोन से पूरे इलाके पर निगरानी भी रखी गई। नगर निगम की मदद से चेंबर और बड़े नालों की भी तस्दीक की जा रही थी। घर के पास लगे 2 सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला गया। इनमें से एक कैमरे में राजनंदिनी अकेली जाती हुई दिखाई दे रही थी। वह रास्ता एक तरफ फल मंडी और दूसरा ईदगाह की ओर जाता है। राजनंदिनी की आखिरी लोकेशन ईदगाह की ओर पाई गई थी। इसके बाद इलाके की छानबीन के दौरान डायल 100 पर तैनात एक जवान को बाल्मीकि धाम के नजदीक बोरे में लाश संदिग्ध अवस्था में मिली। जब बोरे को खोल कर देखा गया तब बच्ची की लाश होने की पुष्टि हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button