फतेहपुर में किसान यूनियन टिकैत गुट ने दिया धरना,8 सूत्री मांगों को लेकर रक्षपालपुर चौराहे पर प्रदर्शन जारी

सत्येंद्र शुक्ला,(फतेहपुर/उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर के रक्षपालपुर चौराहे पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यह धरना ब्लॉक अध्यक्ष अम्बोल सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रीय किसानों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर दिया जा रहा है। किसानों की प्रमुख मांगों में विजयीपुर ब्लॉक के ग्राम सभा शिवपुरी और कठरिया में सफाई कर्मियों की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा, शिवपुरी, सैदपुर और भूरुही जैसी ग्रामसभाओं में नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों और पंचायत सहायकों को, जो काम नहीं कर रहे हैं, हटाने की मांग की गई है।
अन्य मांगों में विजयीपुर ब्लॉक की कई ग्रामसभाओं में फॉगिंग का कार्य पूरा कराना, तथा ब्लॉक में तैनात सचिव शिवनंदन सिंह, विकास कसोधन और मनीष को तत्काल हटाना शामिल है। किसान यूनियन ने इन सचिवों को हटाने के लिए कई बार आवेदन किया है।
धरने में ग्राम सभा कठरिया में नाले की सफाई, जल जीवन मिशन के तहत विजयीपुर ब्लॉक के सभी गांवों में पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई खड़ंजा और आरसीसी सड़कों की मरम्मत, तथा ग्राम सभा गोदौरा में आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की मांग भी उठाई गई है।
किसानों ने आवास योजना की पात्र-अपात्र की पुरानी सूची उपलब्ध कराने और क्षेत्र की अन्य गंभीर समस्याओं के समाधान की भी मांग की है। धरने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह और खागा नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया। टिकैत गुट के किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक यह धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। इस दौरान धन्नजय सिंह (संगठन मंत्री), अम्बोल सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष विजयीपुर), अशोक सिंह (धाता ब्लॉक अध्यक्ष), जितेन्द्र सिंह (जिला उपाध्यक्ष), मनोज सिंह (युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष) और राजेन्द्र सिंह यादव (तहसील युवा अध्यक्ष) सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।




