नकल कराने वाले दो प्रिंसिपल एक प्रबंधक समेत 13 गिरफ्तार

गाज़ीपुर,(उत्तर प्रदेश)। गाज़ीपुर में एक बड़े सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश हुआ है। गैंग के 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक विद्यालय का प्रबंधक और दो स्कूलों के प्रिंसिपल भी शामिल हैं। पुलिस ने एक फोटोस्टेट की दुकान चलाने वाले को भी गिरफ्तार किया है, जबकि इसी गिरोह से जुड़ा एक इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य फरार हो गया है।

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में नकल गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया था। इसी कड़ी में दुल्लहपुर थाना क्षेत्र से नकल गिरोह के 13 लोग पकड़े गए हैं। यह गिरोह दूसरे जनपदों से लोगों को लाकर गाजीपुर में दूसरे के नाम पर परीक्षाएं दिलाता था।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया, ” दुल्लहपुर थाना क्षेत्र से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल इंटर की परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह के 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरे गिरोह की सरगना बलरामपुर जनपद निवासी नमिता पांडे भी गिरफ्तार की गई है, जो गैर जनपदों से फर्जी परीक्षार्थियों को गाजीपुर में लाकर परीक्षाएं दिला रही थी। मामले के फरार प्रिंसिपल की तलाश की जा रही है।”

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई में ऐसे भी आरोपी पकड़े गए हैं जो हाईस्कूल और इंटर की दोनों परीक्षाएं देने का काम कर रहे थे। हाई स्कूल इंटरमीडिएट के 43 प्रवेश पत्र, 29 आधार कार्ड, कंप्यूटर, प्रिंटर समेत कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने यह गिरफ्तारी सोमवार को द्वितीय पाली में चल रही यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान की है।

गिरफ्तार बदमाशों में तिरछी इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ओंकार सिंह, जय मां दुर्गा इंटर कॉलेज का प्रबंधक सुनील सिंह, प्रिंसिपल अजीत प्रताप सिंह, बलरामपुर निवासी गैंग सरगना नमिता पांडे के अलावा बलरामपुर जनपद निवासी मगन पांडे, कंचन तिवारी, जयंती सोनी, सिद्धार्थ नगर जनपद निवासी विजय पाल सिंह, बस्ती निवासी प्रांजल सिंह, ऋषभ सिंह, मऊ निवासी सौरभ कुमार, बृजेश कुमार समेत फोटोस्टेट की दुकान चलाने वाला रोशन गुप्ता गिरफ्तार किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button