डीआईजी कलानिधि नैथानी की गाड़ी के सामने आई गैंगरेप पीड़िता!

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुर्जा नगर कोतवाली के निरीक्षण पर आए डीआईजी कलानिधि नैथानी की गाड़ी के सामने एक गैंगरेप पीड़िता आ गई और दौड़कर उसने डीआईजी से अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके साथ छह लोगों ने दुष्कर्म किया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को डीआईजी नैथानी खुर्जा नगर कोतवाली का निरीक्षण करने पहुंचे थे। पुलिस ने डीआईजी तक किसी को पहुंचने से रोकने के लिए सड़क पर सुरक्षा घेरा बना रखा था। खुर्जा क्षेत्र में हुए गैंगरेप मामले की पीड़िता भी थाने पहुंची थी, लेकिन उसे डीआईजी से मिलने से रोक दिया गया। निरीक्षण के बाद जब डीआईजी थाने से जा रहे थे, तब महिला अपने परिवार के साथ पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए उनकी गाड़ी के सामने दौड़ पड़ी और गिर गई। उसने डीआईजी को बताया कि छह लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी, जिनमें एक महिला भी शामिल है, अभी फरार है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि फरार आरोपी उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। डीआईजी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और इसकी जांच सीओ अनूपशहर को सौंप दी। उन्होंने सीओ को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मामले में लापरवाही के आरोप में खुर्जा थाना प्रभारी को ‘लाइन हाजिर’ कर दिया गया है।
उधर, इस मामले में एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस मामले में चार लोगों को जेल भेज दिया गया था। दो लोग अभी फरार थे। जांच में सामने आया कि कोतवाली प्रभारी पंकज राय ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया था और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में लापरवाही बरती थी। जिसके चलते तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी के निरीक्षण के दौरान कोई फरियादी अपनी शिकायत न कर सके और खुर्जा पुलिस की पोल न खुले, इसके लिए सीओ समेत अन्य अधिकारियों के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने शिकायत लेकर आए फरियादियों को जबरन गाड़ी में बैठाकर घर छोड़ दिया। अपने भाई की हत्या की जांच की मांग को लेकर पहुंचे चमन विहार कॉलोनी निवासी सुमित को भी पुलिस अपनी गाड़ी में बैठाकर घर छोड़ आई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button