अयोध्या में बनेगा ‘महाराष्ट्र भवन’, एकनाथ शिंदे की मांग को योगी आदित्यनाथ ने दी मंजूरी

मुंबई,(महाराष्ट्र)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिलहाल मुंबई के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह मायानगरी में उद्योगपतियों, बैंकरों और फिल्म जगत के लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान योगी उद्योगपतियों से उत्तर प्रदेश में भी निवेश करने की अपील करेंगे। इसके लिए वह कई बैठकों के जरिए निवेशकों को यह भरोसा देंगे कि उत्तर प्रदेश भी निवेश के लिए बेहतरीन जगह है। जहां हर तरह की सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए राज्य सरकार पलकें बिछाए बैठी है। योगी के मुंबई आगमन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे  और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राजभवन में उनसे मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने योगी आदित्यनाथ से उत्तर प्रदेश के अयोध्या शहर में महाराष्ट्र भवन(Maharashtra Bhawan) बनाए जाने के लिए जगह उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मांग को योगी आदित्यनाथ द्वारा मंजूरी भी दे दी गई है।

उसके बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि जल्द ही हम सब अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शनों के लिए आएंगे। जिस पर योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से अयोध्या आने का निमंत्रण दिया है। इस चर्चा के दौरान महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह और बीजेपी के सांसद और फ़िल्म अभिनेता रवि किशन भी मौजूद थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनाईक भी मौजूद थे।
एक तरफ जहां योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए मुंबई आए हैं। जिसके लिए वह आज मुंबई में रोड शो भी करने वाले हैं। हालांकि, इस रोड शो के पहले ही महाराष्ट्र की सियासत गर्म हो चुकी है। उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने योगी के रोड शो भी निशाना साधा है। संजय राउत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को मुंबई में उद्योगपतियों से मुलाकात करनी है तो वह करें, उद्योगपतियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करना है वह भी करें। लेकिन मुंबई में रोड शो करने की क्या जरूरत है। आखिर यहां राजनीति करके उन्हें क्या हासिल होगा? संजय राउत ने भी कहा कि अगर महाराष्ट्र और मुंबई के उद्योगों को उत्तर प्रदेश में ले जाने की साजिश होगी तो इस बात के लिए हम विरोध करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button