चेन्नई में दिखने लगा है चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ का असर, आईएमडी ने जारी किया रेड अलर्ट; हवाई सेवाएं प्रभावित

चेन्नई,(एजेंसी)। चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ का व्यापक असर तमिलनाडु के तटीय इलाकों में दिखाई दे रहा है। आईएमडी की तरफ से तूफान को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। राज्य के कई जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं और मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। चक्रवाती तूफान मैंडूस 9 दिसंबर की आधी रात को चेन्नई के पास समुद्र तट से गुजर सकता है। इसे देखते हुए तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तूफान के प्रभाव की वजह से शुक्रवार को चेन्नई में मूसलाधार बारिश भी हुई।
राज्य सरकार की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, तूफान की आशंका वाले जिलों में 5,000 से अधिक राहत शिविर खोले हैं, जिनमें निचले इलाकों से निकाले गए लोगों को रखा गया है। शिविर में रह रहे लोगों को भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सहित सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। बारिश के प्रभाव की निगरानी के लिए चौबीसों घंटे एक नियंत्रण कक्ष भी खोला गया है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ‘मैंडूस’ आधी रात के समय उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और आस-पास के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से होकर गुजरेगा। इस दौरान 65-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 85 किमी प्रति घंटे तक जाने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह तक ‘मैंडूस’ चेन्नई के समुद्र तट से लगभग 270 किमी दूर केंद्रित था।



