बंगाल में 9 मई को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, शुक्रवार को चुना जाएगा नया सीएम

बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता आएंगे।
नई दिल्ली/एजेंसी। बंगाल चुनाव में भाजपा को मिली जीत के बाद विधायक दल के नेता यानी नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता आएंगे। प्रदेश भाजपा के सूत्रों के अनुसार संभवत कल ही शाह की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता का चुनाव किया जाएगा।
बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बताया कि नौ मई, शनिवार को रवींद्र जयंती के दिन शपथ ग्रहण समारोह होगा। सुबह 10 बजे, कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मालूम हो कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बंगाल में विधायक दल के नेता के चयन के लिए मंगलवार को गृह मंत्री शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
इस बीच भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की एक बैठक बुधवार दोपहर तीन बजे से कोलकाता के साल्टलेक स्थित प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे।
बताते चलें कि पूर्व बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष, मौजूदा बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य के नामों की चर्चा भी थी। वहीं महिला चेहरों में रूपा गांगुली और बीजेपी की फायरब्रांड नेता अग्निमित्रा पॉल के नाम भी सामने आ रहे थे, लेकिन सीएम की रेस में सुवेंदु काफी आगे निकल चुके हैं।




