मुंबई की एअर इंडिया बिल्डिंग में होगा सीएम फडणवीस का नया ऑफिस, सरकार बचाएगी 200 करोड़
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कार्यालय अब मुंबई की मशहूर एअर इंडिया बिल्डिंग में स्थानांतरित होगा। इस कदम से सरकार को किराए में 200 करोड़ रुपये की बचत होगी।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड
मुंबई/ब्यूरो। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कार्यालय जल्द ही राज्य सचिवालय (मंत्रालय) से दक्षिण मुंबई स्थित प्रतिष्ठित एअर इंडिया बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जाएगा। नरीमन प्वाइंट के पास समुद्र तट पर स्थित इस इमारत को हाल ही में राज्य सरकार ने खरीदा है। एअर इंडिया के निजीकरण के बाद उसकी गैर-मुख्य संपत्तियां एअर इंडिया एसेट्स होल्डिंग लिमिटेड (AIAHL) को हस्तांतरित कर दी गई थीं। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने इस 23 मंजिला व्यावसायिक इमारत को 1,601 करोड़ रुपये में अधिग्रहित किया। सरकार का कहना है कि मंत्रालय में जगह की कमी और बढ़ते किराये के बोझ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ-साथ मंत्रालय के बाहर संचालित हो रहे विभिन्न सरकारी विभागों को भी इस नई इमारत में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे राज्य सरकार को प्रतिवर्ष लगभग 200 करोड़ रुपये के किराये की बचत होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र का मंत्रालय भवन वर्ष 1955 में निर्मित हुआ था और वर्तमान में वहां जगह की भारी कमी है। इसी कारण सरकार को आसपास के क्षेत्रों में करीब नौ लाख वर्ग फुट स्थान किराये पर लेना पड़ रहा है।
नई योजना के तहत मुख्यमंत्री का कार्यालय एअर इंडिया बिल्डिंग की सबसे ऊपरी मंजिल पर बनाया जाएगा, जबकि कैबिनेट हॉल 22वीं मंजिल पर लगभग 13,363 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत योजना और कार्यान्वयन को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है।
महाराष्ट्र के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री शिवेंद्रसिंह भोसले ने इस निर्णय को राज्य के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस इमारत को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आदर्श सरकारी परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां गुणवत्ता, स्थिरता और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।




