झारखंड के चतरा में 10 करोड़ की अफीम जब्त, ब्राउन शुगर बनाने की मिनी फैक्ट्री भी पकड़ी गई, दो गिरफ्तार

चतरा/झारखंड। झारखंड में ड्रग्स और नारकोटिक्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा जिले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। इटखोरी थाना क्षेत्र के महुदा गांव में छापा मारकर करीब 10.20 करोड़ रुपये की अफीम की बड़ी खेप बरामद की गई है। यहां ब्राउन शुगर बनाने की एक मिनी फैक्ट्री भी पकड़ी गई है। पुलिस इसे बड़ी सफलता मानकर चल रही है। झारखंड में इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर पकड़े जाने से पुलिस भी हैरान है। पुलिस को अब ऐसा लग रहा है कि राज्य में ड्रग्स माफिया काफी सक्रिय हैं।
इस सिलसिले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चतरा के एसपी विकास पांडेय ने बताया कि 204.4 किलो गिला अफीम, ब्राउन शुगर बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली मशीन, एक सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, जैक मशीन सहित कई अन्य सामान जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अफीम और शुगर की अवैध फैक्ट्री चलाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। कार्रवाई के लिए डीएसपी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में पुलिस की स्पेशल टीम गठित की गई, जिसने महुदा गांव में छापेमारी की।
इस सिलसिले में पंकज कुमार दांगी और धीरेंद्र दांगी नामक दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही अन्य फरार तस्करों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से जानकारी लेने में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इसका सरगना कौन है। किस तरह से झारखंड में ड्रग्स का कारोबार आगे बढ़ रहा है। पुलिस इस बात का भी पता लगाएगी की इतनी बड़ी खेप को लेकर तस्करों की प्लानिंग क्या थी?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button