‘बधाई’ में मिले 85 लाख से प्रेमा किन्नर ने बनवा दिया शिव मंदिर, गोरखुपर में लोग बुलाते हैं ‘अम्मा जी’

प्रेमा किन्नर ने बधाई के गीत गाकर की गई कमाई से गोरखपुर में भगवान शंकर का मंदिर बनवाया है। इस मंदिर को बनवाने में 85 लाख रुपए की लागत आई। इससे पहले वह तीन गरीब लड़कियों की शादी भी करा चुकी हैं।

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में एक किन्नर चर्चा मैं हैं। उन्होंने कुछ ऐसा काम किया है कि दूर-दूर तक उनकी तारीफ हो रही है। नाम है- प्रेमा किन्नर। प्रेमा ने घर-घर जाकर ‘बधाई’ के तौर पर जो कमाई की, उस रकम को किसी और जगह ना लगाकर एक भव्य मंदिर बनवाने में खर्च किया। लाखों रुपए की लागत से बनवाये गए इस मंदिर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। लोग किन्नर को उनके इस कार्य के लिए बधाई भी दे रहे हैं।
शाहपुर इलाके के पादरी बाजार स्थित जंगल मातादीन मोहल्ले में 80 वर्षीय प्रेमा किन्नर अपने शिष्यों के साथ पिछले 60 सालों से रह रही हैं। प्रेमा के मोहल्ले वालों ने बताया कि वह इससे पहले ‘बधाई और सोहर गीत’ की अपनी कमाई की रकम से एक सड़क भी बनवा चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने अब तक इसी मोहल्ले की 3 गरीब लड़कियों की शादियां कराई हैं।
प्रेमा की इच्छा थी कि उनके जीते जी भगवान शिव का एक भव्य मंदिर बने। अब उनकी ये इच्छा पूरी हो गई है। लगभग 85 लाख रुपए की लागत से उन्होंने एक भव्य और सुंदर शिव मंदिर का निर्माण कराया है। इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 24 अप्रैल को होनी है और कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। किन्नर प्रेमा ने बताया कि इस मंदिर का नाम ‘विशेश्वर नाथ मंदिर’ रखा गया है।
प्रेमा का कहना है कि यह मंदिर किसी एक समाज का नहीं, बल्कि सर्व समाज का होगा। इस मंदिर का निर्माण पूरी जनभावना के साथ किया गया है और यहां किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक सांस है, तब तक वह भोले शंकर की सेवा में लगी रहेंगी। बता दें कि प्रेमा जिस मोहल्ले में रहती हैं, वहां हिंदू समाज के अलावा मुस्लिम भी बहुतायत में रहते हैं और दलित वर्ग की अच्छी खासी संख्या है। सभी प्रेमा किन्नर को अम्मा जी कहकर बुलाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button