बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी डिस्ट्रिक्ट की साइबर सेल ने फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन से लोन और बैंकों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो सरगना सहित 11 लोगों को पकड़ा है। इनमें 9 महिला टेलीकॉलर भी हैं। आरोपी फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 डेबिट कार्ड, 4 पासबुक, 22 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड और दो लैपटॉप बरामद किए हैं।
बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
डीसीपी गुरइकबाल सिंह के अनुसार आरोपियों की पहचान इंद्रा एन्क्लेव निवासी मोहम्मद इमरान अंसारी और नांगलोई निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी ने बताया कि 18 मार्च को साइबर पोर्टल के जरिए साइबर सेल को एक ठगी की शिकायत मिली थी। पीड़ित ने बताया कि वह गूगल पर नौकरी सर्च कर रहा था। इसी बीच उसे एक बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी का विज्ञापन दिखा। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो कॉल रिया नाम की युवती ने उठाया जिसने निखिल से बात करवाई। निखिल ने उन्हें बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और रजिस्ट्रेशन शुल्क, कमीशन के तौर पर बैंक अकाउंट में पैसा जमा करने के लिए कहा। पीड़ित ने अलग-अलग तारीख में तीन किस्तों में 7,498 रुपये जमा किए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने पीड़ित का फोन उठाना बंद कर दिया।
पुलिस ने छापा मारकर पूरे गैंग को पकड़ा
साइबर सेल ने केस दर्ज कर आरोपियों के नंबर की तकनीकी जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी नंद नगरी, नांगलोई और रोहिणी सेक्टर-7 में सक्रिय हैं। रोहिणी में आरोपियों की मौजूदगी का पता चलते ही पुलिस टीम ने वहां एक मकान पर छापा मारा जहां से पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों समेत 11 लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में मोहम्मद इमरान अंसारी ने बताया कि शिव कुमार उसका साथी है। दोनों कई बीमा कंपनियों में काम कर चुके हैं। दोनों ने बैंकों में नौकरी, बजाज फाइनेंस और स्वास्थ्य बीमा से लोन दिलाने के बहाने लोगों से ठगी करने की योजना बनाई। लोगों से संपर्क करने के लिए उन लोगों ने 9 महिला टेलीकॉलर को काम पर रखा। वह जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनसे पैसे ठग लेते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button