जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री के भाई पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
पुलिस इंस्पेक्टर विजय चौधरी के ठिकानों से जब्त रिकार्ड में जम्मू से बाहर भी संपत्तियों के संकेत

जम्मू/एजेंसी। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में घिरे पुलिस इंस्पेक्टर विजय चौधरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। वीरवार को एसीबी की टीम ने जम्मू और ऊधमपुर में खनन विभाग के कार्यालयों में छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। वहीं, बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर के ठिकानों से जब्त रिकार्ड की जांच में जम्मू से बाहर भी संपत्तियां होने के संकेत मिले हैं।
आपको बता दें कि इंस्पेक्टर विजय चौधरी, जो जम्मू-कश्मीर पुलिस में तैनात हैं और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी के सगे भाई बताए जा रहे हैं, के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है। बीते बुधवार को एसीबी ने जम्मू, कठुआ, राजौरी और रियासी जिलों में उनके आवास और परिवार के सदस्यों के नाम पर संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की थी। प्राथमिक जांच में करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया है कि इंस्पेक्टर के परिवार के सदस्यों के नाम पर जम्मू और कठुआ जिलों में दो स्टोन क्रेशर संचालित हैं। इसी कड़ी में एसीबी ने खनन विभाग से संबंधित लाइसेंस, रायल्टी और अन्य विभागीय मंजूरियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की है। वीरवार को ऊधमपुर स्थित खनन विभाग कार्यालय के अलावा एक निर्माणाधीन इमारत में भी टीम ने पहुंचकर स्वामित्व और निवेश संबंधी जानकारी जुटाई।
एसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि लगातार दो दिनों की कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकार्ड हाथ लगे हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम से प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। एसीबी सूत्रों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे संभव हैं।




