अक्षय कुमार संग मुंबई के जुहू बीच सफाई अभियान में पहुंची अमृता फडणवीस ड्रेस पर ट्रोल
गणपति विसर्जन के बाद मुंबई बीच को साफ करने पहुंचे अक्षय कुमार

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने रविवार को गणपति विसर्जन के बाद जुहू बीच पर एक सफाई अभियान चलाया। अमृता फडणवीस ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के सहयोग से अपने फाउंडेशन, दिव्यज फाउंडेशन की ओर से इस सफाई अभियान का आयोजन किया। इसमें बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार भी शामिल हुए। वीडियो में, अक्षय कुमार जुहू बीच की सफाई करते हुए एक बैग में बड़ी-बड़ी फूलों की मालाएं और बोतलें, गंदे कपड़े वगैरह डालकर सफाई करते नजर आए।
क्लीनिंग ड्राइव के दौरान अक्षय कुमार से ज्यादा वीडियो और तस्वीरें अमृता फडणवीस की शेयर होने लगीं। लोगों ने तरह-तरह के कॉमेंट करने शुरू कर दिए। ये कॉमेंट थे अमृता फडणवीस की ड्रेस को लेकर। कुछ लोगों ने इसे अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी को गरिमा बनाए रखनी चाहिए। वहीं कुछ समर्थन में आए। उन्होंने कहा कि ड्रेस उनकी पर्सनल चॉइस है। ट्रोलिंग बंद करो। कुछ ने पूछा कि ऐसे कपड़े पहनकर कूड़ा उठाने का लॉजिक समझाओ? तो कुछ ने पूछा कि अमृता फडणवीस की ड्रेस पर बवाल क्यों?
अमृता फडणवीस ने कहा कि हमने आज जुहू बीच पर एक समुद्र तट सफाई अभियान का आयोजन किया है। हम इस सफाई अभियान में सभी क्षेत्रों के लोगों की भागीदारी से बहुत खुश हैं। इस पहल में बीएमसी सहित कई संगठनों ने हमारी मदद की क्योंकि समुद्र तटों को साफ रखना हमारी जिम्मेदारी है। जैसे त्योहार मनाना हमारा अधिकार है, वैसे ही सफाई भी हमारा अधिकार है। मैं युवाओं को बस इतना बताना चाहती हूं कि पृथ्वी एक ही है। इसका विकास और पोषण हमारी ज़िम्मेदारी है और कोई भी एलियन हमारे लिए यह काम करने नहीं आएगा। हमें यह खुद ही करना होगा।
![]()




