फेसबुक पर फ्रैंडशिप के बाद लड़के ने किया प्यार का इजहार, छात्रा ने मना किया तो मार दी गोली

नई दिल्ली।  दक्षिण दिल्ली संगम विहार इलाके में 11वीं कक्षा की छात्रा को बृहस्पतिवार दोपहर को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के समय पीड़ित छात्रा स्कूल से लौट रही थी। गोली छात्रा को पीछे कंधे से नीचे और पीठ से ऊपर लगी है। उसे बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह स्कूल आते-जाते पीछा करता था। कुछ लोगों का कहना है कि प्यार से इनकार करने पर युवक ने छात्रा को गोली मारी है।

दक्षिणी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा गली नंबर 6 ए, ई-ब्लाक में रहती है। वह अपने भाई के साथ कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा है। बृहस्पतिवार दोपहर को वह मां व छोटे भाई के साथ स्कूल से लौट रही थी। मां छात्रा को स्कूल लेने गई थी।

इस दौरान छात्रा जब बी-ब्लाक में मकान नंबर 15 के सामने पहुंची तभी दो युवक पैदल आए और छात्रा को पीछे से गोली मार दी। छात्रा वहीं बेहोश होकर गिर गई। आरोपित युवक कुछ दूरी पर खड़ी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छात्रा को बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया है। छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी बेटी को मोहल्ले में रहने वाला अली नाम का युवक एक वर्ष से परेशान कर रहा था। उसकी बेटी ने फेसबुक पर उसके दोस्ती के अनुरोध को स्वीकार कर लिया था। वह तभी से परेशान कर रहा था। उन्हें दो महीने पहले ही पता लगा था। इसकी जानकारी बीट अफसर को दी थी। इसके बाद आरोपित अली गायब हो गया था।

तिगड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित युवक अली की तलाश शुरू कर दी है। अली अपने घर से गायब है और उसका मोबाइल फोन भी स्विच आफ आ रहा है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपित युवक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button